करनाल। रेलवे रोड और पुराना बस स्टैंड रोड के बीच स्थित सरदार पटेल कपड़ा मार्केट 51 साल बाद स्थानांतरित होगा। एचएसआईआईडीसी से नए सेक्टर-37 में स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वर्ष 1974 में गुड़ मंडी से होलसेल कपड़ा मार्केट को अलग करके यहां लाया गया था। अब जगह की तंगी महसूस होने के बाद इसे नेशनल हाईवे-44 के किनारे बन रहे नए औद्योगिक सेक्टर में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
मार्केट के दुकानदार काफी समय से इस बारे में मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि वैरायटी बढ़ी और समय के साथ आबादी बढ़ने के बाद यहां की दुकानें छोटी लगने लगी हैं। मार्केट में पार्किंग का भी अभाव है। इसका असर उनके व्यापार पर पड़ता है। इसलिए बाजार को नई जगह पर स्थानांतरित करना जरूरी है। हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में विधायक जगमोहन आनंद भी बाजार को सेक्टर-37 में शिफ्ट करने की मांग रखी। उनका कहना है कि इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वर्ष 2026 में दुकानें अलॉट करने के बाद बाजार को नए सेक्टर में स्थानांतरित का कार्य शुरू होगा।
सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम से चल रहा होलसेल कपड़ा मार्केट वर्ष 1974 में शुरू हुआ था। तब यहां 70 दुकानें थी, आज यहां दो से तीन मंजिला 90 शोरूम हैं। करनाल के अलावा आसपास के जिलों से भी छोटे दुकानदार और लोग यहां से कपड़े और सूट आदि लेकर जाते हैं।
पार्किंग के अभाव में घट गया 40 फीसदी कारोबार
स्थानीय दुकानदार योगेश, सतनाम और हरमीत का कहना है कि मार्केट में पार्किंग के लिए स्थान की कमी है। पार्किंग के अभाव में 40 फीसदी तक कारोबार प्रभावित हुआ है। यहां केवल सीमित वाहन ही खड़े हो सकते हैं। मार्केट के दोनों तरफ रेलवे रोड और बस स्टैंड रोड पर बाजार हैं। यातायात का दबाव भी ज्यादा है। लोग उसी बाजार में जाना पसंद करते हैं, जहां उन्हें वाहन पार्किंग की समस्या न हो। दुकानें भी छोटी हैं, इसलिए बाहर गोदाम बनाने पड़ रहे हैं।
सेक्टर-37 में जगह तय हो चुकी है : विधायक
विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि उन्होंने मार्केट को शिफ्ट करने की मांग इसी सत्र में हरियाणा विधानसभा में भी रखी थी। इस पर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मार्केट एसोसिएशन की मांग पर ही सरकार ने जगह तय की है। एचएसआईआईडीसी के पास फाइल गई हुई है। उम्मीद है कि 2026 की शुरुआत में ही दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वर्ष 2026 के अंत तक पूरा मार्केट सेक्टर-37 में स्थानांतरित करने की योजना है।
प्रक्रिया शुरू होने से उत्साह, कारोबार बढ़ेगा : प्रधान
मार्केट एसोसिएशन के प्रधान योगेश भुगड़ा ने बताया कि बाजार को शिफ्ट कराने के लिए पूर्व सीएम मनोहर लाल से भी मांग की थी। अब सरकार ने प्रक्रिया शुरू की है। उम्मीद है जल्द बाजार स्थानांतरित हो जाएगा। उनका कहना है कि हमारे बुजुर्गों ने गुड़ मंडी से इस जगह पर मार्केट को शिफ्ट कराया था। 51 साल पहले यह जगह भी काफी खाली-खाली थी। अब भीड़ बढ़ गई है। यहां दुकानों के आकार को नहीं बढ़ाया जा सकता। नए सेक्टर में बड़े आकार की दुकानें मिलने से कारोबार में भी तेजी आएगी और जगह की कमी के कारण होने वाली परेशानी भी दूर होगी।
-