करनाल। हरियाली तीज के अवसर पर कर्ण गेट और गुड़ मंडी में महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। रोडवेज की बसें नहीं मिलने के कारण ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को मायूसी हाथ लगी। महिलाओं ने अपनी बेटियों और ननदों के लिए फिरनी, घेवर, परासे, ड्राईफ्रुट, मठ्ठी, कपड़े, झूला डालने के लिए रस्सी और बैठने के लिए फट्टी खरीदी।
चूड़ी और सिंगार के सामान की डिमांड ज्यादा
कर्ण गेट के दुकानदार अमित ने बताया कि कि तीज के त्योहार पर सबसे ज्यादा मांग चूड़ियों और सिंगार के सामान की रहती है। हर सूट के साथ मैच करने वाली चूड़ियां ही महिलाएं और युवतियां ज्यादा पसंद करती हैं। उसके लिए चाहे उनके चार चक्कर क्यूं न लग जाए। अमित के अनुसार तीज की पूर्व संध्या पर सीईटी के पेपर के चक्कर में ग्रामीणों क्षेत्र के लोगों को बस की समस्या के चलते काम पर काफी फर्क पड़ा।
मेहंदी के लिए वेटिंग
दुपट्टा मार्केट के दुकानदार नूर ने बताया कि सुबह से ही महिलाएं और युवतियां मेहंदी लगवाने के लिए आ रही हैं। इसके कारण देर रात तक की वेटिंग है। दोनों हाथों के साथ-साथ पैरों में भी मेहंदी लगवाई जा रही है। रविवार को भी ऐसी ही भीड़ रहेगी।