- ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करना पड़ा महंगा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बेटी की शादी में खरीदारी में राहत के लिए अमेरिकन एक्सप्रेस के क्रेडिट कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। उनके पास साइबर ठगों ने खुद को अमेरिकन एक्सप्रेस का प्रतिनिधि बताकर बात की और मोबाइल एप डाउनलोड कराकर उनके मोबाइल फोन को हैक कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके फोन के माध्यम से पहले से चल रहे पांच क्रेडिट कार्ड से 2.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-13 निवासी मनीष कौशिक ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर सुबह 11 बजे कॉल आया और आरोपी ने खुद को अमेरिकन एक्सप्रेस का प्रतिनिधि बताया और कहा कि आपने क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया था। इसके लिए एक आवेदन फार्म भरना होगा। जिसके लिए आरोपी ने उन्हें अपनी फोन की स्क्रीन शेयर करने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक लिंक भेजा, वहां से उन्होंने अपने फोन में एप डाउनलोड की। इसके बाद उनका कॉल कट गया और आरोपी ने फोन हैक लिया। इसके बाद उनके मोबाइल नंबर पर ओटीपी आया और अलग-अलग ट्रांजेक्शन से उनके पांच क्रेडिट कार्ड से 280064 रुपये राशि काट लिए।
उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी है और शादी में खरीदारी के लिए उन्होंने अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड का आवेदन करना था। उनका आरोप है कि आरोपी ने उनके मोबाइल फोन हैक करने के बाद जीमेल एकाउंट भी हैक किया। इसके पासवर्ड भी बदलने का प्रयास किया गया। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। ब्यूरो