- माल और रेलवे सहित चार सड़कों पर बढ़ा यातायात दबाव, टी-फ्लाईओवर निर्माण के कारण बस अड्डे के प्रमुख प्रवेश-निकास द्वार बंद
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कई दिनों तक अब बस अड्डे के पीछे की तरफ, माल रोड, रेलवे रोड सहित चार मार्गों पर लोगों को ट्रैफिक जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि बस अड्डे के आगे टी-फ्लाईओवर निर्माण का कार्य शुरू होने से 240 बसों का रास्ता बदला गया है। अब बस अड्डे पर आने वाले सभी वाहनों का संचालन केवल पिछले द्वार व इससे संबंधित रास्ते से ही होगा।
टी-फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते बस अड्डे के प्रमुख प्रवेश और निकास द्वार को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। ऐसे में बसों को पीछे की तरफ से निकलते हुए लंबा चक्कर काटकर राजमार्ग पर पहुंचना पड़ेगा। योजना के अनुसार, करीब एक माह तक बस अड्डे का रास्ता बंद रह सकता है। ऐसे में लोगों को निर्धारित रास्ते से ही सफर करने में जाम के कारण परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
करनाल रोडवेज बस अड्डे से विभाग की 180 और निजी सोसाइटी की 65 बसों का संचालन होता है। सुबह चार बजे से बस सुविधा शुरू हो जाती है। इसके अलावा दूसरे डिपो की भी करीब 70 बसें बस अड्डे पर पहुंचती हैं, इन्हें भी अब पिछले गेट से प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा निजी वाहनों में ई-रिक्शा, टैक्सी और थ्री-व्हीलर का जमावड़ा भी पिछली तरफ ही रहता है।
यहां से निकलेंगे वाहन
- बस अड्डे के पिछले गेट से निकलने के बाद बसें राजकीय विद्यालय के टी-प्वाइंट से माल रोड की तरफ जाएंगी। यहीं से आंबेडकर चौक होते हुए बलड़ी चौक के रास्ते राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़ेंगी। जबकि ये बसें पहले बलड़ी चौक से सीधे बस अड्डे पर आती थी। अब चक्कर बढ़ने से रेलवे रोड और माल रोड पर यातायात का दबाव बढ़ेगा। जिन बसों को कैथल या असंध की ओर जाना है, वे राजकीय विद्यालय टी-प्वाइंट से रेलवे रोड से होते हुए आगे जाएंगी।
- पानीपत की तरफ से आने वाली बसें जिन्हें कैथल या असंध जाना होता था, अभी वे नमस्ते चौक से प्रवेश करके कमेटी चौक के रास्ते बस अड्डे पहुंचती थी। लेकिन अब ये बसें कमेटी चौक से रेलवे रोड होते हुए राजकीय विद्यालय टी-प्वाइंट की तरफ से बस अड्डे के पीछे की तरफ पहुंचेंगी।
पहले से रहती है जाम की स्थिति
जिन मार्गोँ पर बसों को परिवर्तित करना प्रशासन की मजबूरी है। उन मार्गों पर पहले से यातायात दबाव के कारण जाम की स्थिति रहती है। रेलवे रोड पर मछली मार्केट के पास और राजकीय विद्यालय के टी-प्वांइट पर ट्रैफिक लाइटों के कारण जाम रहता है। क्योंकि इन दोनों बत्तियों के बीच की दूरी 100 मीटर के करीब है। इसके अलावा बस अड्डे की पीछे की तरफ टैक्सी स्टैंड, कोचिंग सेंटर, दो विद्यालय, महिला आश्रम सहित कई बैंक व कार्यालय हैं। जहां रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही रहती है।
कोई दिक्कत आएगी तो अतिरिक्त स्टाफ लगाकर व्यवस्था की जाएगी। फ्लाईओवर निर्माण के कारण फिलहाल आगामी आदेशों तक बस अड्डे के मुख्य दोनों द्वार बंद कर दिए हैं। व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रियों को दिक्कत नहीं आने देंगे।
- कुलदीप सिंह, जीएम रोडवेज