करनाल। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अत्याधुनिक रोबोटिक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब तैयार हो गई है। जल्द ही इस लैब का उद्घाटन किया जाएगा। इसमें आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग के छात्रों को आधुनिक तकनीक की ट्रेनिंग मिल सकेगी।
हरियाणा राज्य कौशल विकास मिशन के प्रबंध निदेशक डॉ. राजेश गोयल ने मंगलवार को लैब का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और युवा एवं कौशल विकास मंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व में प्रदेश के प्रत्येक जिले की आईटीआई में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसी कड़ी में करनाल आईटीआई में यह आधुनिक लैब तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एसी टीटीएस इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड ने अपने सीएसआर फंड के जरिये इस प्रोजेक्ट को सहयोग दिया है। इस लैब में छात्रों को रोबोटिक्स, एआई और नई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। करनाल के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र भी यहां आकर प्रशिक्षण ले सकेंगे।