गांव चोरा में रविवार देर रात करीब ढाई बजे देसी पिस्तौल के बल पर दो बदमाशों ने रिटायर्ड पशु चिकित्सक बुजुर्ग दंपती को घर में बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने बुजुर्ग महिला का हाथ मरोड़कर तोड़ दिया, जिससे वह दर्द से कराहती रही। करीब आधे घंटे तक बदमाशों ने पूरे घर को खंगाला और अलमारी से करीब 35 तोले सोने के गहने और पांच लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। जाते समय बदमाश बुजुर्ग दंपति को एक कमरे में बंद कर गए। सुबह चार बजे पड़ोसी ने महिला बुजुर्ग के कराहने की आवाज सुनी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर डीएसपी घरौंडा जय सिंह और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
पीड़ित बुजुर्ग महिला कृष्णावंती ने बताया कि मेरे पति डॉ. खैराती लाल खुराना (70) पशु चिकित्सक थे, जो अब रिटायर्ड हो चुके हैं। पिछले ढाई महीने से हम दोनों अपने बेटे के पास पानीपत रह रहे थे। रविवार रात करीब आठ बजे उसका बेटा उन्हें गांव छोड़कर चला गया था। वे एक कमरे में सो रहे थे। रात के करीब ढाई बजे उन्हें कुछ आहट सुनाई दी। जैसे ही उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो सामने से दो युवक जिनकी उम्र 20-25 वर्ष के करीब होगी, वह खड़े थे। उन्होंने घर में घुसते ही पिस्तौल तान दी। दोनों बदमाशों ने कहा कि बुढ़िया मुंह से आवाज न निकाल, नहीं तो गोली मार देंगे। बदमाशों की धमकी सुनकर वे डर गये। महिला के अनुसार वह बदमाशों के आगे बार-बार हाथ जोड़ती रही और घर में कुछ न होने की बात कहती रही। इस बीच एक बदमाशों ने उसका हाथ मरोड़कर तोड़ दिया और जमीन पर धक्का दे दिया। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी में रखे करीब 35 तोले सोने के गहने और पांच लाख रुपये की नकदी निकाल ली और फिर उन्हें एक कमरे में बंद कर फरार हो गये।