उगाही करके लौट रहे धूपबत्ती के होल सेलर से पिस्तौल के बल पर स्कूटर लूट लिया। स्कूटर में 9 हजार रुपये और जरूरी कागजत थे। तीन बदमाशों ने कर्णेश्वर मंदिर के नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने सेक्टर-9 की तरफ से आ रहे स्कूटर सवार व्यापारी को पिस्तौल दिखाकर रोका। जान बचाने के लिए व्यापारी को ग्रीन बेल्ट में कूदकर भागना पड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस खंगाल रही है।
सेक्टर सात निवासी अंकुश भल्ला ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे वे सेक्टर-9 मार्केट से उगाही करके आ रहे थे। जैसे ही सर्विस लेन पर चलते हुए कर्णेश्वर मंदिर के पास पहुंचे आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर रुकवाया और मारपीट शुरू कर दी। स्कूटर की चाबी निकालकर वे ग्रीन बेल्ट में कूदकर भाग गए थे। वहीं आरोपी दूसरी चाबी लगाकर स्कूटर लेकर फरार हो गए। स्कूटर की डिग्गी में उनकी रसीद बुक और लगभग 9 हजार रुपये नकदी भी थी।
रेकी की आशंका, एक पर जताया शक
व्यापारी अंकुश भल्ला ने वारदात में रेकी का अंदेशा जताया है। उनका कहना है कि एक आरोपी को वे पहचान सकते हैं। मारपीट के दौरान उन्होंने देखा कि एक आरोपी की बाजू नहीं थी और उसने परने से ढका हुआ था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - जितेंद्र सिंह, एसएचओ, सेक्टर-32-33