करनाल। जिले के सीईटी के अभ्यर्थियों का पेपर रविवार को यमुनानगर और पंचकूला में है। हरियाणा रोडवेज के साथ निजी सोसायटी और स्कूलों की 381 बसों को लगाया गया है। दोनों जिलों में पहुंचने के बाद शटल बस सर्विस अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक लेकर जाएगी और वापस लाएगी। जिले से जाने वाली बसों के लिएअलग से पार्किंग बनाई गई है।
अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज की ओर से जिले में आठ जगहों को निर्धारित किया गया है। रविवार को भी पहले सत्र की परीक्षा के लिए रोडवेज की बसें सुबह 3 बजे और दूसरे सत्र की परीक्षा के लिए सुबह 8 बजे जाएंगी। ये बसें रास्ते में बिना किसी ठहराव के सीधे यमुनानगर और पंचकूला तक सीधे जाएंगी। आपातकाल के लिए 50 बसों को अलग से आरक्षित रखा गया है। रविवार को दोनों चरणों की मिलाकर 196 बसें यमुनानगर और 185 बसें पंचकूला के लिए रवाना होंगी।
इन 8 जगहों से मिलेंगी बसें
- करनाल- पुराना बस स्टैंड
- इंद्री-बस स्टैंड (इंद्री-लाडवा रोड, डाकघर के पास)
- घरौंडा-नया बस स्टैंड (एनएच-44, फ्लाईओवर के पास)
- असंध-बस स्टैंड (सफीदों रोड)
- बल्ला-बस स्टॉप (असंध-कोहंड रोड)
- निगदू-बस स्टॉप (नीलोखेड़ी से ढांड रोड)
- निसिंग-बस स्टॉप (कैथल रोड)
- नीलोखेड़ी-बस स्टॉप (एनएच-44, फ्लाईओवर के पास)
औरंगाबाद फ्लाईओवर के पास पार्किंग
जो बसें करनाल के अभ्यर्थियों को लेकर यमुनानगर जाएंगी उनके लिए औरंगाबाद फ्लाईओवर के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। शटल बस सर्विस यहां से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएंगी और लाएंगी।
पंचकूला में स्टैंड पर होगी रुकेंगी बसें
जो बसें करनाल से अभ्यर्थियों को लेकर पंचकूला जाएंगी उनके लिए पंचकूला रोडवेज बस स्टैंड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहां से शटल बस सर्विस उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएगी।