मुलाना में दोसड़का के पास खोदी गई सड़क। स्थानीय लोग
मुलाना। मुलाना के दोसड़का रोड पर स्थित गणपति विहार कॉलोनी में विकास के नाम पर खोदी गई सड़क अब स्थानीय निवासियों के लिए गले की फांस बन गई है। कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी की समस्या को सुलझाने के लिए मुख्य प्रवेश द्वार पर पाइप लाइन डालने का कार्य शुरू किया गया, लेकिन बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के सड़क खोद दिए जाने से हजारों लोगों का रास्ता अवरुद्ध हो गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से ठीक पहले गणपति विहार को जाने वाली इस मुख्य सड़क की खुदाई के कारण न केवल कॉलोनी के निवासी बल्कि स्कूली बच्चे भी प्रभावित हुए हैं। स्थानीय निवासी पंकज कुमार, तुषार कुमार, डॉ. हरप्रीत सिंह, छिंदर कौर और रेखा रानी ने बताया कि सड़क खोदे जाने से वे अपने वाहनों के साथ कॉलोनी से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।
इमरजेंसी हुई तो जिम्मेदार कौन
कॉलोनीवासियों का कहना है कि इसी रास्ते से क्षेत्र के दो प्रमुख स्कूलों का मार्ग भी जुड़ता है। रास्ता बंद होने से बच्चों को स्कूल छोड़ने और लाने में अभिभावकों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। निवासियों ने चिंता जताई कि यदि कॉलोनी में किसी बुजुर्ग या मरीज को अचानक मेडिकल इमरजेंसी हो जाए या आगजनी जैसी घटना हो जाए, तो एम्बुलेंस या दमकल की गाड़ी का अंदर आना नामुमकिन है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कार्य में तेजी लाकर सड़क को तुरंत बहाल किया जाए।
-
सोमवार तक खुलेगा रास्ता
इस पूरे प्रकरण पर जब मुलाना सरपंच प्रवीण कुमार से बात की गई तो उन्होंने एक अलग ही तर्क दिया। सरपंच ने बताया कि सड़क खुदाई के लिए लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन से मंजूरी ली गई थी। विभाग की जेसीबी मशीन खराब होने के कारण काम में देरी हो रही थी, लेकिन इस बीच कॉलोनी के कुछ निवासियों ने खुद ही निजी स्तर पर सड़क खुदवा दी। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया है कि सोमवार तक पाइप डालने का कार्य पूरा कर दिया जाएगा और रास्ता दोबारा खोल दिया जाएगा।
मुलाना में दोसड़का के पास खोदी गई सड़क। स्थानीय लोग