जनैसरो बस अड्डे के नजदीक तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में हिसार के लाजपत नगर के रहने वाले चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना मंगलवार देर रात लगभग साढ़े 12 बजे हुई। दीपक, दीक्षांत, अमित, सुनील, रणदीप और दीपक मंगलवार को एक ही कार में हिसार से करनाल आए थे।
इसके बाद सभी लोग करनाल से इंद्री चले गए। हादसा उस समय हुआ जब सभी छात्र इंद्री से करनाल की ओर लौट रहे थे। घायल रणदीप और दीपक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
छात्रों की आयु 20 से 22 साल के बीच थी। हादसे के शिकार सभी छात्र आपस में एक-दूसरे के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। डीएसपी इंद्री और थाना पुलिस ने कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मृतकों का पोस्टमार्टम करवाया। ट्रक में खराबी आ जाने के कारण वह सड़क पर ही खड़ा था, लेकिन उसके इंडिकेटर नहीं चल रहे थे।
इंद्री से करनाल वापस लौटते समय हादसे में कार सवार दीपक, अमित और सुनील की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दीक्षांत ने कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दम तोड़ा।