माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कर्ण नगरी के रिदम गोयल ने जेईई मेन के परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 99.99 पर्सेंटाइल के साथ ऑल इंडिया में 118वां रैंक हासिल किया है।
सेक्टर-13 का रहने वाला रिदम गोयल अपने दादा स्वर्गीय नंदलाल गोयल का सपना पूरा करने के लिए उद्यमी बनना चाहता है।
उसका कहना है कि रोजगार के लिए भागने का जमाना चला गया अब रोजगार देने वाला बनकर देश के विकास में योगदान देना है। ताकि दूसरे लोग भी जुड़कर अपने सपने को पूरा कर सकें।
करनाल इंटरनेशनल स्कूल के 12वीं के छात्र रिदम के पिता राजेश राइस मिल संचालक हैं और मां अंजू रानी गृहिणी हैं। उनका कहना है कि जेईई की तैयारी में शुरुआत में उन्हें दिक्कत आई थी। इस कारण वे अपने बैच में भी पीछे थे। संस्थान के शिक्षकों ने उन्हें इस बात का एहसास कराया।
जिसके बाद उन्होंने दोबारा से मेहनत शुरू की और पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त की। अमर उजाला से बातचीत में रिदम ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले पाठ्यक्रम को पूरा किया। किसी भी विषय को पढ़ने से नहीं छोड़ा। इसके बाद उन्होंने रिविजन का शेड्यूल बनाया। पूरे दिन में 10 से 12 घंटे पढ़ाई को दिए।
अपनी सफलता के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम के दौरान वे अपने स्कूल में दूसरे नंबर पर थे। तब दादा ने ही उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया था और हौसला दिया। गत वर्ष उनका देहांत हो गया, इसलिए वे आज कुछ मायूस थे। अब उनका कहना है कि वे अपने अभिभावकों को हर खुशी देने के लिए आगे भी मेहनत में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। 18 मई को होने वाली जेईई एडवांस की परीक्षा के लिए वे तैयारी में जुटे हैं। आईआईटी दिल्ली में दाखिले का उनका लक्ष्य है।