संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। समाजसेवियों, संस्थाओं और स्थानीय नेताओं ने असंध को जिला बनाने की जिस मांग के लिए आवाज बुलंद की थी, अब वह पूरी होने की उम्मीद प्रबल हो गई है। ये मांग अब क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकता बनती जा रही है। मौजूदा विधायक योगेंद्र राणा ने विधानसभा चुनाव के दौरान बड़ी जनसभाओं में असंध को जिला बनाने की मांग रखी थी, इसके बाद विधानसभा में भी पुरजोर तरीके से उठाया है। अब लोगों को उम्मीद है कि हरियाणा दिवस के मौके पर सरकार असंध वासियों को तोहफा दे सकती है।
नगर निगम बनने के रास्ते खुलेंगे
विश्व हिंदू परिषद के शाखा अध्यक्ष विवेक बत्रा का कहना है कि हलके को जिला जल्द से जल्द सरकार बनाएं, जिससे व्यापार में वृद्धि हो सके। इससे व्यापारी वर्ग को फायदा होगा। जिला बनने से हलके का विकास होगा व् एरिया बढ़ेगा, नगर निगम बनने के रस्ते खुलेंगे, जिला बनने से जनता के साथ साथ व्यापारियों का भी फायदा होगा।
क्षेत्रीय विधायक ने कई बार उठाई मांग
पंकज लुंबा ने कहा कि हमें विश्वास है कि विधायक योगेंद्र राणा के प्रयासों से असंध जल्द जिला बनेगा। वे विधानसभा में लगातार यह मुद्दा उठा रहे हैं और मुख्यमंत्री तक सालवन की धरती से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में असंध को जिला बनाने की मांग रख चुके है। उन्होंने कहा कि जिला बनने से रोजगार और विकास के अवसरों में भारी बढ़ोतरी होगी।
शिक्षा का स्तर भी बढ़ेगा
मास्टर सुरेश गोयल ने कहा कि रोजगार व शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा। ऊंचा करने के लिए असंध को जिला बनाना बहुत ही जरूरी है। जिला बनने से स्कूल कॉलेज व् कोचिंग सेंटर खुलेंगे, जिसका सीधा फायदा हल्के के बच्चों को होगा जो शिक्षा के लिए दूर शहरों में जाना नहीं पड़ेगा। शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा वही रोजगार अवसर बढ़ेंगे।
शिक्षा-रोजगार का स्तर बढ़ेगा
विवेकानंद स्कूल की प्रधानाध्यापिका सिमरन सचदेवा ने कहा कि जिस प्रकार से हलका विधायक योगेंद्र राणा हलके को जिला बनाने के लिए जीजान से प्रयास कर रहे हैं, उससे लगता है कि असंध जल्द ही जिला बनेगा और हलकाअसंध शिक्षा का हब बनेगा, एरिया बढ़ेगा तो रोजगार बढ़ेगा जो बच्चे दूर बाहर शहरों में पढ़ने या नौकरी के लिए जाते है उनको शिक्षा व रोजगार के अवसर हलके में ही उपलब्ध हो जाएंगे।
चिकित्सा सुविधाओं में भी होगा सुधार
आरती लुंबा ने कहा कि जनता की असंध को जिला के दर्जे की मांग जायज है, जिला बनने हलके में मेडिकल सुविधाएं बढ़ेगी। आरती ने कहा कि जिला बनने से हलके में नए हॉस्पिटल बनेंगे, जिससे मरीजों को राहत मिलेगी और मरीजों को इलाज व मेडिकल सुविधा समय पर उपलब्ध होगी।
जिला बनाने में देरी ठीक नहीं
विकास मट्टू ने कहा कि सरकार असंध को जिला बनाने में देरी कर रही है , जिला बनने से एग्रीकल्चर की सुविधएं बढ़ेगी किसानो को खेती बाड़ी व नई फसलों की जानकारी के लिए करनाल में जाना पड़ता है , जिला बनने से सभी सुविधाएं हल्के में मिलेंगी और समय और टोल की बचत होगी !