घरौंडा। गांव हसनपुर की निलंबित सरपंच मंजू देवी को मंडल आयुक्त से राहत मिली है। आयुक्त ने सरपंच को निलंबित करने के जिला उपायुक्त के आदेश पर स्टे दे दिया है। शुक्रवार को सरपंच प्रतिनिधि जगबीर सिंह सैकड़ों ग्रामीणों के साथ बीडीपीओ कार्यालय पहुंचे और आदेश की प्रति बीडीपीओ सोमबीर कुमार को सौंपी।
14 अक्तूबर को उपायुक्त ने मंजू देवी को निलंबित कर दिया था। इसके बाद अनु रानी को कार्यवाहक सरपंच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जिला उपायुक्त के फैसले के खिलाफ मंजू देवी ने मंडल आयुक्त के समक्ष अपील दायर की थी। अपील पर सुनवाई करते हुए आयुक्त ने निलंबन संबंधी पूर्व आदेशों पर स्टे दे दिया। मामले में अगली सुनवाई के लिए 10 दिसंबर की तारीख तय की गई है।