जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्ड पर डेंगू चेक करने वाले लैब टेक्नीशियनों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग की टीम ने शहर में लगभग दर्जनभर लैबों पर छापेमारी की। इससे लैब संचालकों में अफरातफरी मच गई और कुछ संचालक तो लैब छोड़कर ही फरार हो गए।
टीम का नेतृत्व कर रही डीएमओ डॉ. सरोज ने लैब संचालकों को हिदायत दी कि यदि किसी लैब टेक्नीशियन ने कार्ड पर डेंगू चेक किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में फैल रहे डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया बुखार को लेकर लोगों में दहशत है। शहर के सीएचसी में डेंगू बुखार व चिकनगुनिया बुखार की जांच के लिए कोई सुविधा नहीं है। इससे मामूली सा बुखार होने पर ही मरीज खून की जांच करवाने के लिए लेबोरेट्री पर पहुंच जाते हैं। निजी लैब टेक्नीशियन मरीजों की मजबूरी का लाभ उठाते हुए कार्ड से ही डेंगू की जांच कर देते हैं।
इससे शहर में काफी केस डेंगू के सामने आ रहे हैं। इसकी शिकायत सीएमओ को मिली और उन्होंने डीएमओ डॉ. सरोज व एसएमओ कुलबीर सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया। टीम ने शुक्रवार को शहर की दर्जनभर लैबों पर जाकर छापेमारी की और लैब में सैंपल, पुरानी रिपोर्टों सहित अन्य दस्तावेज को खंगाला। टीम के छापेमारी से लैब संचालकों के हाथ पांव फूल गए।
डीएमओ डॉ. सरोज ने संचालकों को निर्देश दिए कि डेंगू की जांच कार्ड से मान्य नहीं है। इसके बारे में लैब संचालकों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं कि वे एलाइजा से डेंगू की जांच करें। टीम के अधिकारियों के अनुसार कुछ लैबोरेट्री संचालकों को टेस्टों का ज्ञान ही नहीं है। मंडी मनीराम में एक लैबोरेट्री के संचालक को एनएसवन और आईजीएम के बारे में कुछ पता नहीं है और उसके बावजूद लगातार टेस्ट कर रहा है। एक लैब की ओर से कार्ड से डेंगू जांच की स्लिप भी प्राप्त हुई है, जबकि सरकार ने कार्ड से डेंगू जांच पर प्रतिबंध लगाया हुआ है।
पैथालॉजिस्ट ही कर सकता है डेंगू टेस्ट
टीम के अधिकारियों के अनुसार, डिप्लोमा होल्डर एलटी सामान्य टेस्ट तो कर सकता है लेकिन डेंगू का टेस्ट केवल पैथोलॉजिस्ट ही कर सकता है। डीएमओ डॉ. सरोज ने बताया कि सीएमओ के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घरौंडों की लैबों की जांच की गई है। इसमें कई प्रकार की खामियां भी देखने को मिली हैं। डेंगू जैसे टेस्ट को लेकर सरकार की ओर से हिदायत भी दी गई, लेकिन लैब टेक्नीशियन आदेश की अवहेलना कर रहे हैं।