जिले में गुुरुवार को कोरोना के 20 नये केस सामने आये हैं। इनमें राशन डिपो संचालक, अध्यापक, स्टाफ नर्स, ड्राइवर और दो रिटायर्ड कर्मचारी शामिल हैं। राहत की बात है कि 12 और लोगों ने कोरोना को मात दी है और उनकी मेडिकल कालेज से छुट्टी कर दी गई है। जिले में अब कुल 1434 मामले पाजिटिव हैं, जिनमें से 13 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। वहीं 309 एक्टिव हैं जबकि 1112 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए हैं।
सिविल सर्जन डा. योगेश शर्मा के अनुसार जिले में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से संदिग्ध कुल 36723 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए। इनमें से 34448 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। गुरुवार को 20 नये मामले में तरावड़ी के दया नगर निवासी 42 साल की महिला, गांव पधाना का चार साल का बच्चा, शिव कालोनी कैथल रोड से 70 साल का बुजुर्ग, मोती नगर से 64 वर्षीय बुजुर्ग, शक्ति पुरम निवासी मार्केटिंग करने वाला 44 वर्षीय व्यक्ति, शक्तिपुरम निवासी ही 39 वर्षीय महिला अध्यापक, महिला अध्यापक के परिवार से ही 69 वर्षीय अन्य महिला भी संक्रमित पाई गई हैं। गांव चिड़ाव निवासी गाड़ी चालक, सेक्टर-7 से एक शुगर मिल से रिटायर्ड कर्मचारी और एक अन्य रिटायर्ड 69 साल के दोनों बुजुर्ग कोरोना पाजिटिव पाये गए हैं। दिल्ली में दुकान चलाने वाले सिरसी निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति, सैनी कालोनी से 2 साल का बच्चा, रामबाग कालोनी से 21 वर्षीय विद्यार्थी, सेक्टर-13 निवासी बुजुर्ग महिला, डबकौली गांव की स्टाफ नर्स, कर्ण सिंह कालोनी निवासी राशन डिपो संचालक, सेक्टर-7 से 44 वर्षीय दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करने वाला, शिव कालोनी से 18 साल की युवती, निगदू से 44 वर्षीय और रायपुर रोड़ान गांव से 48 साल का व्यक्ति कोरोना पाजिटिव पाया गया है। सभी मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया है। इसके साथ ही इन सभी के परिवार के सदस्यों को क्वारंटीन कर दिया गया है और इनके सैंपल लिये गए हैं। जिन लोगों में कोरोना के लक्षण नहीं थे, उनको कोविड केयर सेंटर नीलोखेड़ी भेज दिया गया है।
बाक्स
डीसी की अपील, पहनें मास्क
डीसी ने जिलावासियों से कहा कि वह जरूरी कार्य के लिए ही बाहर निकलें और मास्क का प्रयोग करें। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखें और अपने आपको निरंतर सैनिटाइज करते रहें। डीसी ने नागरिकों से अपील की है कि उनके आसपास कोई ऐसा व्यक्ति मिले जिसकी ट्रैवल हिस्ट्री बाहर की है तो वह तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि उसके स्वास्थ्य की जांच की जा सके और लक्षण पाए जाने पर कोविड-19 का टेस्ट किया जा सके।