संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। राजस्थान के दो युवकों को भिवानी में जिंदा जलाने के मामले के तार करनाल से भी जुड़े हो सकते हैं। इसी शक के आधार पर सोमवार को जले बिटोड़े में कंकाल मिलने के बाद राजस्थान के भरतपुर जिले की पुलिस मंगलवार को घरौंडा थाना पहुंची और जले बिटोड़ों में मिले कंकाल की जानकारी ली। शक ये भी जताया जा रहा है कि यहां के गोरक्षा से जुड़े कुछ लोगों के संबंध राजस्थान में हुई घटना से सकते हैं। एएसपी के नेतृत्व में आई राजस्थान पुलिस की टीम ने करनाल के एसपी गंगाराम पूनिया से मुलाकात भी की। उन्होंने राजस्थान पुलिस को जांच में सहयोग देने की बात कही है।
बताया जा रहा है कि राजस्थान पुलिस टीम ने करनाल के एसपी से करीब आधा घंटे चर्चा की लेकिन क्या बात हुई, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में राजस्थान पुलिस के करनाल जिले में पहुंचने को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। गो तस्करी और जुनैद व नसीर दो युवकों को जिंदा जलाए जाने, राजस्थान पुलिस की हरियाणा के मानेसर में रेड की कार्रवाई को देखते हुए राजस्थान पुलिस का करनाल पहुंचना कई सवाल खड़े कर रहा है। सूत्रों के अनुसार राजस्थान पुलिस को ये भी शक है कि मानेसर गोरक्षकों के साथ करनाल जिले के भी दो तीन गोरक्षक शामिल हो सकते हैं।
सोमवार सुबह कैमला गांव के पास एक जले बिटोडे़ में एक कंकाल बरामद हुआ था। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेते हुए इस मामले की छानबीन भी शुरू कर रखी है। अभी एफएसएल रिपोर्ट नहीं आई है, जिसके कारण फिलहाल कोई अनुमान नहीं लग पा रहा है। लेकिन शायद राजस्थान पुलिस को शक है कि जली हुई हालत में मिले कंकाल का भरतपुर मामले से संबंध हो सकता है। हालांकि एसपी गंगाराम पूनिया ने गो तस्करी और हत्या के मामले के तार करनाल जिले से जुड़े होने की संभावना से इनकार करते हुए बताया कि राजस्थान पुलिस को जांच में सहयोग किया जाएगा। कैमला गांव से मिले कंकाल की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा कि कंकाल किसी इंसान का है या नहीं।
एसपी ने किया थाने का निरीक्षण
एसपी गंगा राम पूनिया ने घरौंडा थाने का भी निरीक्षण किया और थाने में लंबित मामलों को निपटाने के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी ने मालखाने का भी निरीक्षण किया।
एसपी गंगा राम ने बताया कि आज घरौंडा थाने का निरीक्षण कर थाना प्रभारी को कुछ त्रुटियों को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए हैं।
फोटो कैपशन -घरौंडा थाने मे खड़ी राजस्थान पुलिस की गाड़ियां व मौजूद पुलिस कर्मी।