माई सिटी रिपोर्ट
करनाल। कर्ण कैनाल की दुकान नंबर 399 में संचालित एक कॉल सेंटर पर बुधवार शाम टेलीकॉम विभाग, सीएम फ्लाइंग और थाना सिविल लाइन की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारा। इस दौरान कॉल सेंटर से एक सिम बॉक्स बरामद किया गया है जिसमें कई सिम कार्ड पाए गए हैं। ये सिम कार्ड अलग-अलग लोगों के नाम पर पंजीकृत हैं लेकिन इनका इस्तेमाल इस कॉल सेंटर पर कई गतिविधियों के लिए किया जाता था।
अब जांच टीमें कॉल सेंटर पर काम करने वाले आठ कर्मचारियों से लेकर हर सिम का रिकॉर्ड ढूंढ़ने में लगी हैं। यह भी जांच की जा रही है कि कॉल सेंटर से किन-किन लोगों को फोन किया गया और कहीं आपराधिक गतिविधियां तो नहीं की गई हैं।
टेलीकॉम विभाग के साथ सीएम फ्लाइंग और पुलिस ने यह दबिश शाम करीब चार बजे शुरू की जो देर रात तक चलती रही। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही असल जानकारी सामने आएगी कि इन फर्जी सिम कार्ड के जरिये किस प्रकार का काम किया जाता था। इसके अलावा कॉल सेंटर पर मिले उपकरणों की भी जांच की जा रही है।
टेलीकॉम विभाग से मिली थी सूचना : डीएसपी
सीएम फ्लाइंग डीएसपी सुशील कुमार ने बताया कि उन्हें एक टेलीकॉम विभाग की ओर से सूचना मिली थी कि कर्ण कैनाल के सनराइज कम्यूनिकेशन कॉल सेंटर पर दूसरे सिम कार्ड से आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इस सूचना पर थाना सिविल लाइन पुलिस को साथ लेकर छापा मारा गया। मौके से एक बॉक्स मिला है। इसमें काफी सिम कार्ड मिले हैं। ऐसे सिम बॉक्स को रखना गलत है। इसमें मिले सिम अलग-अलग कंपनियों के हैं। कॉल सेंटर चलाने वाला कपिल खुद को एक टेलीकॉम कंपनी का एजेंट बता रहा है। कपिल का कहना है कि उसका काम रिकवरी का है। कपिल ने इस कॉल सेंटर में कई लोगों को काम पर रखा है।