घरौंडा रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। स्टेशन मास्टर ने मामले की सूचना जीआरपी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को मृतक के कपड़ों से एक मोबाइल सिम व कागज पर लिखे हुए दो मोबाइल नंबर बरामद किए हैं। मृतक का नाम बिट्टू निवासी सरहिंद (पंजाब) बताया जा रहा है।
सरहिंद निवासी बिट्टू सोमवार को गांव खोराखेड़ी में सरपंच के पास पंजाब से काम के लिए आया था। लेकिन सरपंच को उसका काम पसंद नहीं आया था, इसके साथ ही वह नशे का आदी था।
वह भी अब यहां काम नही करना चाहता था। मृतक बिट्टू मंगलवार को ही पंजाब के लिए निकल गया था। बुधवार को रेलवे स्टेशन के पास बिट्टू का शव मिला।
स्टेशन मास्टर ने मामले की सूचना जीआरपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई।
पुलिस को मृतक के कपड़ों से मोबाइल सिम तथा एक कागज बरामद हुआ, जिस पर दो मोबाइल नंबर लिखे हुए थे। पुलिस ने दोनों नंबराें पर संपर्क साधा तो एक नंबर पंजाब के सरहिंद क्षेत्र में मिला और दूसरा गांव खोराखेड़ी के सरपंच के घर मिला।
पुलिस ने खोराखेड़ी के महिला सरपंच के पति को मौके पर बुलाया। सरपंच प्रतिनिधि तेजबीर शर्मा ने शव की शिनाख्त की।
सरपंच प्रतिनिधि ने बताया कि मृतक ने उनको अपना नाम बिट्टू बताया था जो कि उनके किसी जानकार ने पंजाब से काम के लिए भेजा था।
जीआरपी जांच अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत की सूचना स्टेशन मास्टर ने दी थी।
सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत भेजा है। मामले की जांच की जा रही है।