संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने मंगलवार को जिले में दलितों, पिछड़े वर्गों और महिलाओं पर हो रहे सामाजिक अत्याचारों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने फव्वारा पार्क से जिला सचिवालय तक मार्च किया और जमकर नारेबाजी की। राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में एससी व एसटी सब प्लान का पैसा समाज के विकास में ही लगाया जाने, मनरेगा का बजट बढ़ाया जाने, वर्ष में 200 दिन काम और 800 रुपये दैनिक मजदूरी दी जाने, भवन निर्माण से जुड़े मजदूरों को कल्याण बोर्ड से मिलने वाली बंद की गई सुविधाओं को तुरंत शुरू किया जाने, हर आदमी को समय पर चिकित्सा उपलब्ध करवाई जाए और सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त मशीनें, दवाइयां व सदस्य उपलब्ध कराने की मांगे शामिल की गई। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व ईशम सिंह राणा और बाबूराम ने किया। कार्यकर्ता धर्मपाल सिरसी, ईशम सिंह राणा, सचिव जिले सिंह पाल, माईचंद, सतपाल सिरसी, अरुण कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद