निजी स्कूल अब अभिभावकों से छिपाकर स्कूल फीस नहीं बढ़ा सकेंगे। जितनी फीस बढ़ाने की जानकारी उन्होंने फार्म-6 में दी है, उतनी ही बढ़ी फीस वे अभिभावकों से ले सकेंगे। बकायदा इसकी जानकारी के लिए उन्हें स्कूल के नोटिस बोर्ड पर फार्म-6 की प्रति भी लगानी होगी। यदि ऐसा नहीं किया और मनमर्जी से फीस बढ़ाकर ली तो स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
इसे लेकर असंध के एसडीएम मनदीप कुमार ने निर्देश जारी किए हैं। इससे पहले बुधवार को उन्होंने अपने कार्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी राजपाल और कुछ अभिभावकों के साथ बैठक भी की। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि दाखिले के दिनों में स्कूलों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल संचालक सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करेंगे। स्कूलों के नोटिस बोर्ड पर फार्म नंबर-6 चस्पा करवाना सुनिश्चित करेंगे।
एनसीईआरटी की किताबें लगवाने के निर्देश
एडीसी ने कहा कि निजी स्कूल संचालक अपने स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें ही लगवाएं। यदि कोई स्कूल निजी प्रकाशक की किताबें नियम के खिलाफ जाकर लगवाता है तो कार्रवाई होगी। अभिभावकों पर प्राइवेट पब्लिशर की किताबें लगने से आर्थिक बोझ न पड़े, इसलिए विभाग ने केवल एनसीईआरटी की किताबें लगवाने के निर्देश दिए।
प्रदर्शन करके अभिभावकों ने दी थी तालाबंदी की चेतावनी
चार अप्रैल को प्राइवेट स्कूल संचालकों द्वारा की गई फीस बढ़ोतरी के खिलाफ सैकड़ों अभिभावक और किसान यूनियन से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने एसडीएम मनदीप कुमार को ज्ञापन भी सौंपा। किसान यूनियन के नेताओं और अभिभावकों ने चेतावनी दी कि स्कूल संचालकों द्वारा की गई फीस बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया तो वह स्कूलों पर तालाबंदी करने पर मजबूर होंगे। इसी के बाद बैठक करके बुधवार को एसडीएम ने निर्देश जारी किए हैं।