माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। भाजपा ने लंबे समय से कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे प्रवीण लाठर को नया जिलाध्यक्ष घोषित किया है। इई वरिष्ठ पदाधिकारियों और विधायकों की मौजूदगी में नए जिलाध्यक्ष का स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष ने सभी को साथ लेकर चलने की बात कही है।
जिले से 30 लोगों की दावेदारी के बावजूद जिला उपाध्यक्ष प्रवीण लाठर को जिलाध्यक्ष घोषित किया। उनके नाम की घोषणा सोमवार सुबह चुनाव अधिकारी बनाए गए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने की। इस मौके पर अब तक जिलाध्यक्ष रहे एवं असंध विधायक योगेंद्र राणा, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल, मेयर रेणु बाला गुप्ता मौजूद रहीं।
हालांकि कार्यकर्ताओं को पहले से ही प्रवीण लाठर के नाम पर मोहर लगाने का आभास था, क्योंकि जब 13 मार्च को आयोजित होली मिलन समारोह में जिला उपाध्यत्र ईलम सिंह ने प्रवीण लाठर को आशीर्वाद के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के आगे किया और जिस अंदाज में मनोहर लाल ने उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया, उससे लग गया था कि उनका जिलाध्यक्ष बनना लगभग तय है। फिर भी सोमवार को बतौर जिलाध्यक्ष लाठर का नाम घोषित होने के बाद कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। चुनाव अधिकारी ने कहा कि ये चुनाव आम सहमति से ही हुआ है, क्योंकि अन्य 29 दावेदारों ने नाम सवापस ले लिए हैं।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर ने केंद्र व प्रदेश नेतृत्व सहित मुख्यमंत्री नायब सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल आदि बडे नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रदेश नेतृत्व और आप सभी ने मुझ जैसे छोटे से कार्यकर्ता को यह बहुत बड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, इस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।