फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: बोर्ड परीक्षा से पहले गड्ढे और जाम लेंगे विद्यार्थियों का इम्तिहान

Wed, 25 Feb 2026 01:54 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, करनाल
विज्ञापन
रेलवे रोड रामलीला मैदान के बाहर सड़क में बने गड्डे। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


करनाल। हरियाणा बोर्ड की परीक्षा से पहले सड़क के गड्ढे और जाम विद्यार्थियों का इम्तिहान लेंगे। इन दोनों के कारण उन विद्यार्थियों का समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना चुनौतिपूर्ण रहेगा, जिनकी परीक्षा रेलवे रोड के स्कूलों में बने केंद्र में होनी है या जिन्हें इस रास्ते से अपने परीक्षा केंद्र तक जाना है। इसके अलावा जिले में हरियाणा बोर्ड की ओर से तीन किलोमीटर के दायरे में ही परीक्षा केंद्र बनाने का नियम भी टूट रहा है। कई स्कूलों के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र साढ़े चार से लेकर छह किलोमीटर की दूरी पर बनाया गया है। परीक्षा बुधवार से शुरू हो रही है।
विदित हो कि टी-फ्लाईओवर के निर्माण के लिए रेलवे रोड की सड़क को उखाड़ा हुआ है। सड़क पर गड्ढे हैं। उखड़ी सड़क पर वाहन धीमी गति से निकलते हैं। सदर बाजार और अन्य वैकल्पिक मार्गों पर यातायात का दबाव ज्यादा होने से जाम रहता है। रेलवे रोड के आठ स्कूलों में परीक्षा केंद्र बने हैं। 200 मीटर की दूरी तय करने में ही 20 से 25 मिनट तक लग रहे हैं। अभिभावकों और छात्रों का कहना है कि उन्हें बच्चों को लेकर डेढ़ से दो घंटे पहले घर से निकलना पड़ेगा।
विज्ञापन

रामनगर स्थित एसडी बाल मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के 12वीं के विद्यार्थियों का सेक्टर-13 अर्बन अस्टेट स्थित बलदेव जन सेवा दल स्कूल में परीक्षा केंद्र बना है। जिसकी दूरी करीब 4.5 किलोमीटर है, जबकि सामान्य नियम के अनुसार परीक्षा केंद्र तीन किलोमीटर के दायरे में होना चाहिए। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है।


- 77 में से 29 परीक्षा केंद्र शहर में

जिले में कुल 77 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 29 केंद्र करनाल शहर में स्थापित किए गए हैं। अन्य केंद्र उपमंडलों और ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए हैं। रेलवे रोड और ओल्ड बस स्टैंड के आसपास जिन विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, उनमें डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (ओल्ड बस स्टैंड के पास), डीएवी गर्ल्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जैन गर्ल्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एसडी बाल मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और शेखूपुरा खालसा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इन केंद्रों पर हजारों परीक्षार्थियों की आवाजाही रहेगी। जिनमें टी-फ्लाइओवर के रास्ते से होकर बच्चों को स्कूल तक पहुंचना पड़ेगा।



- धारा 163 लागू, 200 मीटर दायरे में पाबंदियां

जिलाधीश उत्तम सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत फरवरी-मार्च में आयोजित 12वीं कक्षा तथा बीएड प्रथम व द्वितीय सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर आदेश जारी किए हैं। ये आदेश एक अप्रैल, 2026 तक प्रभावी रहेंगे। इसमें लाठी, बरछा, जेली, कैंची, भाला जैसे घातक हथियार लाने पर पूर्ण रोक रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट और जेरॉक्स की दुकानें दोपहर 12 बजे से 3:30 बजे तक बंद रहेंगी।



- सुरक्षा पुख्ता लेकिन रास्ता बदहाल

अभिभावक शंकर, लक्ष्य और अर्जुन का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति अनावश्यक मानसिक दबाव बढ़ा रही है। कई छात्रों ने बताया कि वे पढ़ाई से ज्यादा इस बात को लेकर चिंतित हैं कि कहीं रास्ते में जाम न लग जाए और देरी से केंद्र पहुंचें।
विज्ञापन




वर्जन

जिले में बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्वक संपन्न हों, इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विशेष उड़नदस्ते भी निगरानी रखेंगे। सभी केंद्रों पर पुलिस टीम भी तैनात रहेगी। जांच के बाद ही विद्यार्थियों को केंद्रों में प्रवेश मिलेगा। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। रास्ते से संबंधित दिक्कत है तो वहां के विद्यार्थी घर से शीघ्र समय रहते निकलने का प्रयास करें। - रोहताश वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें