पूंडरी। नगर पालिका द्वारा शहर में लगातार बेसहारा गोवंश को पकड़ने का अभियान चलाया हुआ है। इसी कड़ी में एक विशेष अभियान के तहत कुल 101 बेसहारा गोवंश, जिनमें अधिकांश नंदी शामिल थे, को पकड़कर पूंडरी स्थित श्री जयराम आदर्श गोशाला में सुरक्षित रूप से छोड़ा गया। नगरपालिका सचिव मोहनलाल ने बताया कि शहर से बेसहारा गोवंश को पकड़ने के लिए टेंडर दिया गया है, एजेंसी जो नियमित रूप से इस कार्य को अंजाम दे रही है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य शहर की सड़कों को पूरी तरह से बेसहारा गोवंश से मुक्त करना है, ताकि आमजन को यातायात में होने वाली परेशानी, सड़क हादसों और अन्य असुविधाओं से राहत मिल सके। इस अभियान के दौरान एसआई वीरेंद्र कुमार और सफाई दरोगा बालकिशन का विशेष सहयोग रहा। टीम ने सुनियोजित तरीके से विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर गोवंश को सुरक्षित पकड़ा और गोशाला तक पहुंचाया। नगर पालिका प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे बेसहारा गोवंश की सूचना तुरंत नगरपालिका कार्यालय में एसआई वीरेंद्र कुमार को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। नगरपालिका के इस कदम से शहरवासियों में राहत की भावना देखी जा रही है और लोगों ने प्रशासन के प्रयास की सराहना की है।