हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि आंदोलन के पीछे कुछ किसानों की पंजाब और उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की महत्वाकांक्षा थी। इसी कारण आंदोलन को लंबा खींचा गया। इसी के तहत किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने राजनीतिक पार्टी बनाकर चुनाव लड़ने का एलान किया है। विज रविवार को मधुबन पुलिस अकादमी में नारकोटिक्स ब्यूरो के मुख्यालय व महिला प्रशिक्षणार्थियों के लिए चार आवासीय भवनों का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
नशाखोरों का डाटा तैयार, नशा मुक्त करेंगे प्रदेश
विज ने कहा कि प्रदेश में नशे को पूर्णत: समाप्त करने के लिए पिछले साल नारकोटिक्स ब्यूरो का गठन किया था और आज नारकोटिक्स ब्यूरो के मुख्यालय का उद्घाटन किया गया है। जहां से सारे हरियाणा में इसकी गतिविधियां चलाई जाएंगी और नशाखोरी में संलिप्त सभी लोगों का डाटा तैयार किया जाएगा, ताकि नशाखोरों व उनकी गतिविधियां पर नजर रखी जा सके।
शीघ्र करेंगे 980 डाक्टरों की भर्ती
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि तीसरी लहर से निपटने को हम पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि 980 डाक्ॅटरों की भर्ती करेंगे, प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके अलावा पैरा मेडिकल स्टाफ की भी भर्ती कर रहे हैं। शीघ्र ही सभी रिक्त पदों पर भर्तियां कर दी जाएंगी। विज ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राजनीतिक कलाकार बताते हुए कहा कि उन्होंने अन्ना हजारे के आंदोलन से जन्म लिया। अन्ना हजारे के मुद्दे धरे रह गए लेकिन उसमें से राजनीतिक लाभ कैसे निकालना है, यह अरविंद केजरीवाल को आता है और उन्होंने इसका लाभ लिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री बन गए।