असंध। बेटी के लापता होने के मामले में कार्रवाई की जानकारी के लिए असंध थाने पहुंचे परिजन से थाना प्रभारी के अभद्रता करने का आरोप है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार की रात को 9:30 बजे थाने का घेराव किया। करीब एक घंटे तक ग्रामीण थाने को घेरकर बैठे रहे। थाना प्रभारी का पुतला फूंककर रोष जताया। थाना प्रभारी ने मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन देने पर ग्रामीण शांत हुए।
प्रदर्शन कर रहे पीड़ित लोगों का आरोप है कि आठ दिन पहले किशोरी लापता हो गई थी। इस बारे में वह कार्रवाई की जानकारी लेने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने थाना प्रभारी नसीब सिंह से बात की तो उन्होंने गलत व्यवहार किया। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना प्रभारी ने उनको गाली दी। जानकारी पर और भी ग्रामीण पहुंच गए।
थाना प्रभारी के व्यवहार से आहत होकर उन्होंने थाने का घेराव किया। थाना प्रभारी का पुतला फूंका। हालांकि करीब 10:30 बजे थाना प्रभारी की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीण घर चले गए। -
जानकारी के लिए भेजा था करनालग्रामीणों ने आरोप लगाया कि असंध थाना प्रभारी ने उन्हें वीरवार को करनाल भेजा था। कहा था कि वहां सहायक निरीक्षक मिलेगा और जानकारी देगा। वे करनाल पहुंचे लेकिन सहायक निरीक्षक नहीं मिला। इसके बाद थाना प्रभारी को फोन करते रहे, उन्होंने फोन नहीं उठाया। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी के तबादले की मांग की है।