माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सुपर मॉल के स्पा सेंटर में शुक्रवार को पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान पूछताछ के लिए 13 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि सुपर मॉल में काफी समय से कई मसाज पार्लर चल रहे हैं, जहां पर देह व्यापार होने का भी अंदेशा है। इससे पहले भी कई बार पुलिस की ओर से यहां पर कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस के अचानक सुपर मॉल में पहुंचते ही स्पा सेंटर संचालकों में खलबली मच गई। सेंटर में मौजूद युवक-युवती भागने लगे, मगर पुलिस ने आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। पुलिस के आगे युवक-युवती गिड़गिड़ाते भी दिखे, मगर पुलिस ने किसी की नहीं सुनी। इस दौरान युवक और युवतियां तौलियां, चादर, परदे और कमीज में मुंह छिपाते दिखे।
युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए पुलिस थाने में ले गई। पुलिस का कहना है कि स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा चलने की सूचना थी। इसी गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्पा सेंटर से युवक-युवतियों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपियों को थाना सिविल लाइन में रखा गया है। पुलिस ने स्पा सेंटर के रिकॉर्ड को भी जब्त किया है।
पुलिस ने गत वर्ष भी करीब चार-पांच बार सुपर मॉल के स्पा सेंटर में दबिश दी थी। इस दौरान युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पहले भी पकड़ा जा चुका है, लेकिन पुलिस कस्टडी से छूटने के बाद देह व्यापार का काम फिर से शुरू हो जाता है। अब शुक्रवार को एक बार फिर पुलिस ने कार्रवाई की है।