- इंस्पेक्टर और हेड कॉन्स्टेबल निलंबित, मामला दर्ज
- बिचौलिए के पास रखवाए थे रुपये, आरोपी पक्ष ने ही एसपी को दी शिकायत
- दोनों को निलंबित करने के बाद विभागीय कार्रवाई के आदेश, दोनों आरोपी गायब
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मानपुरा गांव में महिला की हत्या के मामले में आरोपियों का मुकदमे से नाम हटाने के लिए असंध सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर व हेड कॉन्स्टेबल पर 37 लाख रुपये की डील के आरोप लगे हैं। इस बात की भनक पुलिस अधीक्षक को लगी तो उन्होंने डीएसपी स्तर के अधिकारी से जांच कराई। प्राथमिक जांच में आरोप सिद्ध होने पर एसपी ने इंस्पेक्टर मनदीप और हेड कांस्टेबल ऋषिपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। अब ये जांच डीएसपी इंद्री को सौंपी गई है। मामला दर्ज होने के बाद से दोनों आरोपी गायब हैं।
बताया जा रहा है कि इस मामले में कुछ आरोपियों को बचाने के लिए रिश्वत के ये रुपये किसी बिचौलिए के पास रखवाए गए। एसपी को इसकी शिकायत आरोपी पक्ष की ओर से ही दी गई थी। मानपुरा गांव में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
ये था मामला
12 मार्च की रात को मानपुरा गांव के एक घर में घुसकर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। आरोपी रात करीब आठ बजे स्कॉर्पियो में आए थे। बदमाशों ने दलबीर के घर में घुसकर उनकी पत्नी सुमित्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। दलबीर व उसके बेटे सचिन पर भी गोलियां चलाई। जिसमें दोनों पिता-पुत्र घायल हो गए थे।
यह विवाद एक वर्ष पहले 12 मार्च 2024 को गली में बुलेट के पटाखे बजाने से शुरू हुआ था। उस दौरान दलबीर का बेटा सचिन बाइक से पटाखे बजा रहा था। तो आरोपी पक्ष के लोग दलबीर के घर शिकायत देने गए थे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। इस मामले में दलबीर, उसके बेटे व पत्नी पर मामला भी दर्ज हुआ था। तभी से यह विवाद बढ़ गया।
एसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि मानपुरा हत्याकांड मामले में पुलिस नौ आरोपियों को गिरफ्तार हो चुकी है। उन्हें शिकायत मिली थी कि कुछ आरोपियों का नाम केस से निकालने की एवज में इंस्पेक्टर मनदीप और हेड कॉन्स्टेबल ऋषिपाल आरोपी पक्ष से रिश्वत की मांग कर रहे थे। करीब 37 लाख रुपये में डील होना बताया गया। इसकी डीएसपी से जांच कराई। प्राथमिक जांच में आरोप सिद्ध होने पर दोनों इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल को निलंबित किया गया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया गया है। अब दोनों की विभागीय जांच होगी।