संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। बरसत के पास राइस मिल के एक कमरे में 26 वर्षीय मजदूर की हत्या के मामले में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। बरसत रोड स्थित शिव शंकर राइस मिल में कटिहार (बिहार) के संतोष की हत्या कर दी थी। हत्या का आरोप छोटे भाई पर लगाया गया था। संतोष और उसके भाई के काम पर न जाने के बाद मिल का ठेकेदार लक्ष्मी नारायण ने संतोष का जब कमरा खोलकर देखा तो संतोष लहूलुहान अवस्था में मृत पड़ा था।
ठेकेदार लक्ष्मी नारायण ने संतोष की हत्या की सूचना मिल के मालिक को दी। मिल मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के शव गृह में रखवा दिया था। संतोष के परिजनों को घटना के बारे में सूचित कर दिया था। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि संतोष की हत्या के बारे में पुलिस गहनता से जांच कर रही है लेकिन अब तक कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं किया है।