पुलिस की सीआईए वन टीम ने पिस्तौल के बल पर मारपीट कर गाड़ी लूटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पुलिस ने गाड़ी व वारदात में प्रयोग की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली है।
सीआईए वन इंचार्ज दीपेंद्र राणा ने बताया कि शिकायतकर्ता रविन्द्र पाल दहिया निवासी सेक्टर-4 करनाल ने 28 अप्रैल को थाना सेक्टर-32/33 में एक शिकायत दी थी कि वह अपने निजी कार्य से मेरठ गया हुआ था। वापस आते हुए रात को करीब 9.30 बजे हेरिटेज लान के समीप दो युवकों ने उसकी कार रुकवाई और पिस्तौल दिखाकर उसपर हमला कर उसके साथ मारपीट की और उसकी कार लेकर फरार हो गए। कार में उसका पर्स, एक मोबाइल फोन, एक लैपटॉप व जरूरी कागजात भी थे। इस मामले की जांच करते हुए सीआईए वन के उप निरीक्षक नरेश कुमार की अध्यक्षता में टीम ने 5 दिसंबर को आरोपी हरविंद्र सिंह उर्फ नीटू निवासी गांव छारा जिला झज्जर को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। इस दौरान आरोपी द्वारा अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने बारे खुलासा किया गया। जिस पर टीम द्वारा दूसरे आरोपी नवीन उर्फ रॉकी निवासी सलीमसर माजरा जिला सोनीपत को बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया गया। आरोपी हरविंद्र के खिलाफ पहले भी लूट व स्नेचिंग के तीन मामले जिला झज्जर में व आरोपी नवीन के खिलाफ एक मामला आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है। आरोपी हरविंद्र मामलों में जेल में सजा काट रहा था और आरोपी नवीन जमानत पर बाहर चल रहा था। आरोपी अपना शौक पूरा करने के लिए इस तरह की वारदात को अंजाम देते हैं।