माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिले के पटवारखाने का बिजली कनेक्शन कटे हुए करीब एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अब तक बिजली बहाल नहीं हो पाई है। बिजली बिल जमा न होने के कारण राजस्व विभाग से जुड़े करीब 1500 से अधिक कार्य प्रभावित हो गए हैं।
जमीन संबंधी काम करवाने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोग पटवारखाने पहुंच रहे हैं, लेकिन बिजली न होने के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है।
पटवारखाने पर करीब 6.59 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। बिल का भुगतान न होने पर बिजली निगम ने कनेक्शन काट दिया था। इसके बाद से कार्यालय में होने वाले अधिकांश कार्य ठप पड़े हैं। कंप्यूटर आधारित सेवाएं बंद होने से इंतकाल, जमाबंदी, फर्द निकालने, रिकॉर्ड अपडेट करने और दस्तावेजों की ऑनलाइन एंट्री जैसे जरूरी काम नहीं हो पा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अधिकारी एक-दूसरे पर जवाबदेही डालते नजर आ रहे हैं, जिसके कारण समस्या का समाधान नहीं निकल पा रहा है। हालांकि विभाग की ओर से इस संबंध में बजट जारी करने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिख दिया गया है, लेकिन अब तक बजट स्वीकृत नहीं हो सका है। डीआरओ मनीष यादव ने बताया कि बिजली के बिल जमा करने को लेकर मुख्यालय को जानकारी दे दी गई है जैसे ही उसका बजट आ जाएगा बिल जमा कर दिया जाएगा।