आम्रपाली चार तो ऊंचाहार पौने दो घंटे देरी से पहुंची
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शनिवार को भी कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ यात्री स्टेशनों पर घंटों इंतजार करते रहे तो कुछ की आगे की यात्रा भी प्रभावित हुई। रविवार को ट्रेन नंबर 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चार घंटे की देरी के बाद सुबह 9:48 बजे करनाल स्टेशन पहुंची। इसी तरह 04217 ऊंचाहार एक्सप्रेस भी पौने दो घंटे की देरी से सुबह 8:01 बजे स्टेशन पहुंची। इसके अलावा 04081 कटरा स्पेशल ट्रेन एक घंटे विलंब से दोपहर 2:28 बजे, अमृतसर एक्सप्रेस एक घंटे देरी से सुबह 6:27 बजे, और सचखंड एक्सप्रेस भी एक घंटे देरी से दोपहर 3:20 बजे पहुंची।
नई दिल्ली–कुरुक्षेत्र लोकल ट्रेन भी एक घंटे की देरी से सुबह 11:26 बजे करनाल पहुंची। लगातार देरी से चल रही ट्रेनों के कारण यात्री परेशान नजर आए। कुछ यात्री ऐसे भी थे जिन्हें दूसरी ट्रेनें पकड़नी थीं, लेकिन एक ट्रेन की लेटलतीफी के चलते उनकी आगे की यात्रा भी प्रभावित हो गई। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रेनों के संचालन में सुधार किया जाए और सही समय पर सूचना मुहैया करवाई जाए ताकि वे अपनी योजना के अनुसार यात्रा कर सकें।