डीसी उत्तम सिंह ने गांव कुंजपुरा में कार्यवाहक सरपंच बनाए जाने की प्रक्रिया के तहत तीन दिसंबर को खंड कार्यालय में सभी पंचों की बैठक बुलाई है। गांव की सरपंच सुमन को बर्खास्त किया जा चुका है।
एससीपीओ नवीन कुमार की तरफ से एक आधिकारिकपत्र जारी कर सभी पंचों को इस संबंध में सूचना प्रेषित कर दी गई है। इससे पूर्व हुई बैठक में मात्र चार पंचों ने विधिवत रूप से भाग लिया था। किसी पंच के पक्ष में कोरम पूरा न होने के कारण कोई भी पंच कार्यवाहक सरपंच नहीं बन सका। इसी क्रम में यह पांचवीं बैठक बुलाई जा रही है। एक बैठक तो इसलिए स्थगित कर दी गई थी क्योंकि उस दिन संबंधित पंचायत सचिव हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई पर अपना पक्ष रखने के लिए गए हुए थे। अन्य तीन बैठकों में कोई भी पंच अपने समर्थन में पंचों का वांछित आंकड़ा नहीं जुटा पाया।
ग्राम पंचायत कुंजपुरा में सरपंच के अलावा 20 पंच हैं। कार्यवाहक सरपंच बनने के लिए 11 पंचों का समर्थन हासिल करना जरूरी है। इस संबंध में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मोनिका बालदा ने बताया कि 3 दिसंबर को खंड कार्यालय में सभी पंचों की बैठक बुलाई गई है। इसके संबंध में सभी पंचों को सूचित कर दिया गया है। बैठक के दौरान जो भी पंच अपने समर्थन में 11 पंचों का जरूरी आंकड़ा जुटा लेगा उसे कार्यवाहक सरपंच के तौर पर सरपंच पद का कार्यभार दे दिया जाएगा।