माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। प्रदेश सरकार ने गांव पाढ़ा की पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) को अपग्रेड कर दिया है। अब इस पीएचसी को सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) का दर्जा मिल गया है। इसके साथ यहां की स्वास्थ्य सुविधाओं में भी इजाफा होगा। इससे सीएचसी के अधीन आने वाले 40 गांवों की करीब 50 हजार से ज्यादा आबादी को लाभ होगा।
कोरोना की दूसरी लहर में भी गांव की यह पीएचसी काफी हद तक ग्राम स्तर पर लोगों स्वास्थ्य लाभ देने में सहायक बनी थी। अब दर्जा और दायरा दोनों बढ़ने से यहां पर सरकार की ओर से सात मेडिकल अफसर समेत 27 लोगों के मेडिकल स्टाफ की तुरंत नियुक्ति के भी आदेश जारी किए गए हैं। समाजसेवी राजेश आर्य समेत अन्य ग्रामीणों ने गांव पाढ़ा में पीएचसी से सीएचसी बनाए जाने पर सीएम मनोहर लाल और सांसद संजय भाटिया का आभार प्रकट किया है।
इनकी होगी तैनाती
नई सीएचसी में एक सीनियर मेडिकल अफसर, 5 मेडिकल अफसर, 1 नर्सिंग सिस्टर, 1 पीएचएन, 1 फार्मासिस्ट, 6 नर्सिंग स्टाफ, 1 लैब टेक्निशियन, 1 रेडियोग्राफर, 1 डेंटल सहायक, 1 ओटीए, 1 ऑर्थो सहायक, 2 लेखाकार, 2 क्लर्क कम स्टोर कीपर, 1 स्टेनो टाइपिस्ट, 1 चालक और 1 डाटा एंट्री ऑपरेटर रखा जाएगा। साथ ही, चतुर्थ श्रेणी में ड्रेसर, वार्ड ब्वाय, स्वीपर, आया, माली, चौकीदार, धोबी, चपरासी व अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
अबसे पहले ये मिल चुकी सौगातें
ग्रामीणों ने बताया कि गांव महिला कॉलेज, मॉडल तालाब, पंचदेव तीर्थ का नवीनीकरण, आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी, तीर्थ तक नहर से ताजा पानी की व्यवस्था, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निर्माण और गांव को शहरों से मिलाने वाली कईं सड़कों व चौपालों का निर्माण करके करीब 50 करोड़ रुपये की सौगात सरकार ने दी है।
स्वास्थ्य विभाग हरियाणा की ओर से पाढ़ा गांव की पीएचसी को सीएचसी में अपग्रेड किया गया है। इससे अब इसके अधीन आने वाले 40 गांवों की आबादी को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। सुविधाएं भी बढ़ेंगी। - डॉ. योगेश शर्मा, सीएमओ