करनाल के गांव नेवल में नौ साल पहले अपनी बेटी की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
नेवल वासी चंद्रकांत ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी 2004 में मूल रूप से नेपाल के रहने वाले प्रेम उर्फ सागर के साथ की थी। कुछ दिन बाद ही प्रेम का अपनी पत्नी के साथ किसी बात के लिए झगड़ा हो गया। इसी कारण प्रेम ने अपनी बेटी की परने से गला दबाकर हत्या कर दी और शव को आवर्धन नहर की पटरी पर फेंककर नेपाल फरार हो गया।
इसके बाद यह तीन-चार दिन पहले ही लौटकर गांव आया था। लौटने के बाद आरोपी का फिर से अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हो गया और तंग आकर चंद्रकांत ने नौ साल पहले हुई घटना की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने आरोपी को तुरंत काबू कर लिया।
हत्यारे को आजीवन कारावास
करनाल में जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनजीत सिंह की अदालत ने पत्नी की हत्या के आरोपी पति को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
साथ ही दोषी पर बीस हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना अदा नहीं करने की स्थिति में छह माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। जुलाई 2012 में मूलरूप से बिहार के बक्सर निवासी विक्रम ने अपनी पत्नी हत्या कर दी थी। यह हत्याकांड चरित्र पर संदेश के चलते किया गया था।
इस मामले में शहर थाना पुलिस ने आरोपी को काबू किया था और मामला अदालत में विचाराधीन था। मंगलवार को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है।
ट्रक ने दो युवकों को कुचला, मौत
करनाल के मधुबन के समीप ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कंबोपुरा के रहने वाले 25 वर्षीय विकास गांव के ही अपने मित्र बृजभूषण के साथ बुधवार को बाइक से घरौंडा जा रहे थे। गांव से निकलकर जैसे ही दोनों हाईवे के पुल पर चढ़ने लगे तो पीछे से आ रहे ट्रक ने चपेट में ले लिया। टक्कर लगने के कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को उपचार के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि विकास की दिसंबर में शादी होनी थी, जिसकी घर में तैयारियां चल रही थी। हादसे की सूचना के बाद गांव में मातम पसर गया है।
ठग ने व्यापारी से उड़ाई सोने की अंगूठी
असंध में अपने रिश्तेदार की शादी के लिए किराने की दुकान से सौदा खरीदने के बहाने एक शातिर ने नटवरलाल के अंदाज में दुकानदार को अनोखे तरीके से चूना लगाया।
दुकानदार की अंगूठी अपनी मां को दिखाकर कुछ ही पल में वापस लौटने की बात कहकर शातिर रफूचक्कर हो गया। सेवानिवृत्त शिक्षक राधाकिशन अपने रिश्तेदार अमृतलाल की किराने की दुकान पर अकसर बैठ जाया करता है। अपने साले की दुकान पर बैठे राधाकिशन के पास एक आदमी ग्राहक बनकर आया व उसने उसके साले अमृतलाल का पुराना परिचित बताया व ब्याह के लिए सामान खरीदने की बात कही।
यही नहीं, उसने काफी सामान का आर्डर भी दे दिया व सामान तुलवा लिया। जब सारा सामान बंध गया तो उसने उसे ग्यारह हजार रुपये अपने पास जमा करने की बात कही। राधाकिशन ने कहा कि वह उसे नहीं जानता तो उसने फोन पर अमृतलाल से झूठमूठ की बात की व कह दिया कि ग्यारह हजार जमा करने के लिए अमृतलाल से बात हो गई है। नटवरलाल ने राधाकिशन को 5100 रुपये दे दिए।
थोड़ी देर बाद उसने राधा किशन से कहा कि उसकी मां सामने की दुकान पर रजाईयां भरवा रही है। उसने बताया कि उन्होंने शादी के लिए सोने के काफी सारे आभूषण बनवा लिए हैं व केवल एक अंगूठी बनवाना बाकी है। उसने कहा कि उसे राधाकिशन की अंगूठी का डिजाइन खासा पसंद आया है व वह इसे अपनी मां को दिखाना चाहता है। राधाकिशन ने उसे अंगूठी निकालकर थमा दी।
जाते-जाते वह 5100 रुपये भी यह कहकर ले गया कि मां के पास से दस हजार की गड्डी लाकर ग्यारह हजार पूरे करके दे देगा। पैसे व अंगूठी लेकर गए मिस्टर नटवर लाल की वह अब तक बाट जोह रहे हैं।
सिलेंडर नहीं मिलने पर लगाया जाम
असंध के सालवन रोड स्थित असंध गैस सर्विस के गोदाम के सामने सिलेंडर नहीं मिलने से क्षुब्ध उपभोक्ताओं ने सड़क के बीच खड़े होकर जाम लगा दिया।
इस कारण दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामकुमार मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे बाद उपभोक्ताओं को समझाकर जाम खुलवाया। सुभाष बल्ला, आनंद बल्ला, रामप्रसाद, धर्मपाल, नरेश, हरपाल, गजेसिंह, राजेश, अशोक, रोहतास सालवन ने बताया कि उन्हें समय पर गैस नहीं मिल पा रही है।
गैस लेने के लिए उन्हें कई-कई दिनों तक एजेंसी के चक्कर काटने पड़ते हैं और मजबूरन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। असंध गैस सर्विस के संचालक सुरेंद्र गर्ग ने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस समय पर दी जा रही है। कई बार गाड़ियां देरी से पहुंचती है, जिस कारण उपभोक्ताओं को प्रतीक्षा करनी पड़ती है।
कुछेक लोग एजेंसी से बेवजह नाराज रहते हैं व जाम जैसी स्थिति पैदा करते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने कनेक्शन का प्रयोग घर की रसोई में ही करें।