सेक्टर-6 निवासी ऑयल मिल संचालक साहिल (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में शुक्रवार रात को मौत हो गई। वह शुक्रवार शाम को अपने दो दोस्तों के साथ कार में घूमने गए थे। जब परिजन को बेटे की तबियत खराब होने की सूचना मिली तो वह सिविल अस्पताल पहुंचे लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिजन ने दोस्तों पर साहिल की हत्या करने के आरोप लगाया है। पिता की शिकायत पर शनिवार को सिविल लाइन थाना पुलिस ने हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक आरोपी दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
साहिल के पिता कुलदीप शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम को 5:45 बजे उनके घर पर साहिल के दो दोस्त अक्षित और अजय आए थे। उन्होंने अपनी बाइक उनके घर पर छोड़ दी थी और बेटे साहिल की कार में सवार होकर तीनों चले गए थे। उनके पास रात को करीब 10:50 बजे अजय का कॉल आया। उन्हें बताया गया कि साहिल की तबियत ज्यादा खराब हो गई है, इसलिए वे उसे सिविल अस्पताल लेकर आए हैं। रात को परिजन अस्पताल पहुंचे तो साहिल की मौत हो चुकी थी।
पिता का आरोप है कि साहिल की मौत में उसके दोस्तों अक्षित और अजय का हाथ है। क्योंकि साहिल की बाजू में टीका लगाने का निशान और बाजू नीली पड़ी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को जहर दिया गया था। शनिवार को थाना सिविल लाइन पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया।
एक युवक से थी रंजिश
पिता कुलदीप ने बताया कि साहिल की करीब 9 माह पहले शादी हुई थी। वह मोदीपुर गांव में ऑयल मिल चलाता था। उसका कई लोगों से पैसे का लेनदेन था। लेनदेन के चलते ही साहिल की एक युवक साहिल जोन के साथ पहले कहासुनी और लड़ाई हुई थी। अब उन्हें पता लगा है कि उनके बेटे साहिल को शादी में जो सोने की चेन मिली थी, वह भी उसके दोस्त अजय के पास है।
दोस्त करते रहे गुमराह
साहिल के पिता कुलदीप का आरोप है कि जब उन्होंने उसके दोस्तों से बेटे के हालचाल के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि उसकी 6 बजे ही तबियत खराब हो गई थी। वह कार के स्टियरिंग पर गिरा हुआ था। उन्होंने उठाने का प्रयास किया लेकिन नहीं उठा। इसके बाद दोस्तों ने बताया कि कार भी स्टार्ट नहीं हुई थी, बैटरी वाले को भी बुलाया गया था। लेकिन परिवार के पास 10:50 बजे कॉल करके तबियत खराब होने की बात बताई गई।
-
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है। मृतक साहिल के पिता कुलदीप की शिकायत पर दो के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। - रामलाल, थाना प्रभारी, सिविल लाइन थाना, करनाल