करनाल। भले ही पीओएस मशीनों में दिक्कतों, किसानों के विरोध या अन्य अव्यवस्थाओं के कारण पहले दिन कई राशन डिपो पर अन्नपूर्णा उत्सव में कार्डधारकों को राशन कार्ड का गेहूं वितरण में दिक्कत आई इसके बावजूद करनाल जिला 51.25 प्रतिशत राशन कार्डधारकों को गेहूं वितरण करके प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। अंबाला 51.15 प्रतिशत गेहूं वितरण करके दूसरे स्थान पर है। 19 अगस्त को भी राशन वितरण किया जाएगा।
जिलेभर में 646 डिपो पर सुबह दस बजे अन्नपूर्णा उत्सव शुरू होना था। लेकिन आठ डिपो पर मशीनें खराब होने, कुछ स्थानों पर इंटरनेट कनेक्टिविटी में परेशानी के कारण देरी से राशन वितरण शुरू हो सका। पॉस मशीनों की जिम्मेदारी भारती इलेक्ट्रानिक्स बंगलुरू की है। कंपनी के अधिकारी ने बताया कि शाम तक करनाल जिले के सभी 646 डिपो पर राशन वितरण का कार्य किया गया। जिसमें प्रदेश में सर्वाधिक 51.25 प्रतिशत उपभोक्ताओं को राशन का वितरण किया है। अंबाला में 51.15 प्रतिशत उपभोक्ताओं का राशन वितरण किया गया है, जो प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा है। करनाल में जिला स्तरीय अन्नपूर्णा उत्सव रघुनाथ नगर के राशन डिपो पर शानदार ढंग से मनाया गया। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला मुख्य अतिथि रहे। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने अध्यक्षता की। कार्डधारक परिवारों को 5 किलोग्राम व 10 किलोग्राम गेहूं से भरे बैग वितरित करके इस योजना की विधिवत रूप से शरुआत की। संजय बठला ने गरीब परिवारों को 5 किलोग्राम मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें अन्नपूर्णा उत्सव के नोडल अधिकारी योगेश कुमार, डीएफएससी निशांत राठी, पार्षद ईश गुलाटी, जसपाल वर्मा, निर्मल गोयल, रघुनाथ मंदिर के प्रधान विनोद खेत्रपाल आदि मौजूद रहे।