करनाल। हरियाणा में राशन डिपो के लाखों लाभार्थियों को अब राशन के लिए न तो लंबा इंतजार करना पड़ेगा और न ही कई चक्कर लगाने पड़ेंगे। खाद्य आपूर्ति विभाग ने अब लाभार्थियों की सुविधा के लिए उनके मोबाइल नंबरों पर संदेश (मैसेज) भेजने का फैसला किया है। इस संदेश में उस सभी राशन सामग्री की जानकारी होगी, जो लाभार्थी के नजदीक डिपो में उपलब्ध होगी।
इस सुविधा से न केवल लोगों को राशन डिपो के कई चक्कर लगाने से निजात मिलेगी, बल्कि वे सही समय पर डिपो पहुंचकर अपने कोटे का राशन भी समय पर ले सकेंगें। राशन संबंधी समग्र जानकारी लाभार्थियों को उनके मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। प्रदेश के खाद्य आपूर्ति मंत्री ने लोगों के निर्धारित कोटे का राशन उन्हें देरी से मिलने के मामले को गंभीरता से लिया है।
नतीजतन उन्होंने इस समस्या को दूर करने के लिए राशन आवंटन के पहले चरण से लाभार्थी तक सही समय पर राशन पहुंचाने के मकसद से व्यवस्था को मजबूत बनाया है। मंत्री के निर्देशों पर अब डिपो में राशन समय पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इस सुविधा से लाभार्थियों के लिए अपने कोटे के राशन की उठान के लिए पूरा एक महीना मिलता है।
इसके अलावा राशन उपलब्ध नहीं होने की शिकायत नहीं रहती। हरियाणा में करीब साढ़े नौ हजार राशन डिपो हैं, जहां से करीब 52 लाख लाभार्थी हर महीने अपने कोटे का राशन हासिल करते हैं। हरियाणा में बीपीएल परिवारों की कुल संख्या 48,79,423 है, इनमें हर परिवार को प्रति सदस्य के अनुसार पांच किलो गेहूं, एक बोतल सरसों तेल, एक किलो चीनी मिलती है।