माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। इफको अब नैनो यूरिया को देशभर में भारत सरकार की सहभागिता वाली कंपनी इंडियन पोटास लिमिटेड (आईपीएल) के माध्यम से प्राइवेट सेक्टर को भी उपलब्ध कराने जा रहा है। इसकी शुरुआत हरियाणा के करनाल से होने जा रही है। इफको से करार होने के बाद आईपीएल ने इफको को 70 हजार नैनो यूरिया शीशी का पहला ऑर्डर दे दिया है। इफको ने इस ऑर्डर पर खाद को आवंटित कर दिया है। जिसमें 15000 शीशी करनाल जिले को दी गई है। जिससे किसानों के लिए अब नैनो यूरिया (तरल) खाद देशभर में प्राइवेट दुकानों पर भी उपलब्ध होगी।
विपणन प्रबंधक इफको हरियाणा डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने बताया कि आईपीएल में भारत सरकार, कृभको के साथ-साथ करीब 34 प्रतिशत हिस्सेदारी इफको की है। आईपीएल हैफेड, सहकारिता आदि सहकारी, सरकारी व प्राइवेट सेक्टर को भी खाद उपलब्ध कराती है। आईपीएल और इफको के बीच हुए अनुबंध के अनुसार इफको ने हरियाणा में 70 हजार 500 मिली की शीशी खाद का पहला ऑर्डर जारी कर दिया है। इफको के करनाल जिला प्रबंधक डॉ. निरंजन सिंह ने बताया कि एक 500 मिली की शीशी की क्षमता एक 50 किलो के परंपरागत यूरिया के बैग के बराबर होती है। इसलिए यह ऑर्डर करीब 70 हजार परंपरागत यूरिया के बैग के बराबर है। देश में सबसे पहले आईपीएल के जरिये हरियाणा को ही नैनो यूरिया मिलने जा रही है। आईपीएल के माध्यम से अब हरियाणा से देश के विभिन्न राज्यों में पहली बार प्राइवेट दुकानों पर किसानों को नैनो खाद मिल सकेगी।
हरियाणा में आईपीएल को जो नैनो यूरिया मिल रही है, इसमें से 15 हजार शीशी करनाल जिले को मिल रही है, वह भी सबसे पहले, क्योंकि इफको ने देश में सबसे पहले नैनो यूरिया को करनाल से ही लांच किया था। आज करनाल जिले के नैनो यूरिया की बिक्री देश में सर्वाधिक है।
अभी तक नैनो यूरिया सिर्फ इफको केंद्रों व सहकारी समितियों पर ही उपलब्ध थी लेकिन अब आईपीएल के माध्यम से प्राइवेट सेक्टर तक पहुंचेगी। आईपीएल हैफेड, पैक्स, प्राइवेट आदि सभी सरकारी, सहकारी व निजी क्षेत्र को खाद उपलब्ध कराता है। हरियाणा में सभी एजेसियों व प्राइवेट सेक्टर के करीब नौ हजार खाद बिक्री केंद्र हैं। जिन पर दो चार दिनों में ही नैनो यूरिया पहुंचने की उम्मीद है।
डॉ. निरंजन सिंह, जिला प्रबंधक इफको करनाल