स्वास्थ्य विभाग ने सेक्टर-6 स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर व सेक्टर-16 स्थिति पोलीक्लीनिक में कोरोना के नियमित सैंपल कराने का फैसला लिया है। इन दोनों जगहों पर आरटी पीसीआर सैंपलों की जांच होगी।
मंगलवार से यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही कोरोना सैंपल की जांच का लक्ष्य भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा बढ़ाकर अब 600 से अधिक सैंपल की रोजाना जांच का निर्णय लिया गया है। फिलहाल रोजाना करीब 350 सैंपल की जांच की जाती है। बता दें इससे पहले कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में ही सैंपल दिए जाते थे और दो मोबाइल वैन ग्रामीण क्षेत्र में जाकर कोरोना के सैंपल लेती है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज में लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता था।
ग्रामीण लोगों को नहीं आना पड़ेगा शहर
अब ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कोरोना जांच के लिए करनाल नहीं आना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग ने नीलोखेड़ी सब डिविजनल अस्पताल, असंध, इंद्री, निसिंग, घरौंडा में भी कोरोना की नियमित जांच की योजना तैयार कर ली है। जल्द ही इन जगहों पर भी नियमित रूप से जांच हो सकेगी।
लोगों से अपील की है कि कोरोना की जांच से ना घबराएं। कोरोना की चेन तोड़ने के लिए विभाग का सहयोग करें। यदि कोई भी व्यक्ति ट्रेवल हिस्ट्री छिपाता है तो वह अपने व अपने परिवार के साथ-साथ समाज के लिए भी खतरा है।
डॉ. योगेश शर्मा, सिविल सर्जन