माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नगर निगम ने अवैध पानी और सीवरेज कनेक्शन वालों को नोटिस देना शुरू कर दिया है। अब तक 15,500 लोगों को नोटिस दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे निगम में निर्धारित दस्तावेज जमा करवाने के बाद अपने कनेक्शन को वैध करवा सकते हैं। उन्हें महज 1,550 रुपये खर्च करने होंगे। नया कनेक्शन लेने पर लोगों का रोड कट शुल्क भी माफ रहेगा। कनेक्शन के साथ मीटर लगवाने पर बिल आधे से भी कम आएगा। बिना मीटर के बिल अधिक आ सकता है।
नोटिस जारी करने के तुंरत बाद करीब 2000 लोगों ने आवेदन जमा कर अपने कनेक्शन वैध करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। महापौर रेनू बाला गुप्ता ने बताया कि घरेलू जलापूर्ति और सीवरेज कनेक्शन के लिए आवेदन जमा होने के एक सप्ताह के भीतर संबंधित उपभोक्ता को नया कनेक्शन जारी कर दिया जाएगा। जिन लोगों ने मीटर नहीं लगवाया है उनका वार्षिक बिल 1,440 रुपये तक आएगा। मीटर लगे कनेक्शन पर यह बिल केवल 720 रुपये रहेगा। व्यावसायिक कनेक्शन पर सालाना बिल 1500 रुपये और बिना मीटर के 15,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
पहले निगम की ओर से गली या सड़क तोड़ने पर नागरिकों से भारी रोड कट शुल्क वसूला जाता था। कच्ची या इंटरलॉकिंग ब्लॉक वाली गली के लिए 5,940 रुपये, सीमेंट कंक्रीट या तारकोल सड़क के लिए 9900 रुपये तक लिए जाते थे। जिसे सरकार ने अब माफ कर दिया है।
ये जमा कराने होंगे दस्तावेज
कनेक्शन के लिए लोगों को अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री, आवेदक का आधार कार्ड, परिवार पहचानपत्र, फोटो, प्रॉपर्टी आईडी, पानी मीटर का बिल (यदि पहले से है), शपथपत्र निगम कार्यालय में जमा करवाना होगा। आवेदन के बाद निगम की टीम मौके का निरीक्षण करेगी। इसके बाद नया कनेक्शन जारी किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए नागरिक नगर निगम कार्यालय के भूतल पर स्थित कमरा नंबर 128 में संपर्क कर सकते हैं।