संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/घरौंडा। बरसत गांव के पास शिव शक्ति राइस मिल के मजदूर बिहार के कटिहार निवासी मनोज ने मंगलवार की रात को अपने कमरे में मामूली कहासुनी पर बड़े भाई संतोष (26) की सिर में हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी हत्या के बाद मौके से भाग गया। बुधवार की सुबह दोनों काम पर नहीं पहुंचे तो ठेकेदार लक्ष्मी नारायण ने मौके पर पहुंचे। चारपाई पर संतोष का शव पड़ा था।
सूचना पर घरौंडा थाना पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवाया। बिहार में परिजन को सूचित कर दिया है। परिजन के पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम होगा। पुलिस ने आरोपी मनोज के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। एफएसएल की टीम ने मौके से खून लगे हुए कपड़े और हथौड़ा कब्जे में ले लिया है। दोनों भाई मिल में बने कमरे में ही रहते थे।
-
दिन में काम के बाद एक साथ कमरे पर गए थे दोनों
घरौंडा थाने के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मंगलवार को मिल में काम करने वाले मजदूर मनोज और संतोष की आपसी कहासुनी हो गई थी। दिन में काम करने के बाद शाम को दोनों एक साथ कमरे पर चले गए थे। कहासुनी की रंजिश के चलते आरोपी मनोज ने अपने बड़े भाई संतोष के सिर में हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। वारदात में प्रयोग किया गया हथौड़ा बरामद कर लिया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।