माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/घरौंडा। विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने ढाकवाला गुजरान गांव में एससी वर्ग की 32 लाख की लागत से तैयार दो चौपालों उद्घाटन किया।
उन्होंने इसी गांव में 9.47 लाख और मुस्तफाबाद गांव में 15.11 लाख से बनने वाली फिरनी का भी शिलान्यास किया। उन्होंने बताया मुस्तफाबाद में निकासी के लिए करीब 24 लाख की निविदा लगाई जा चुकी है। इलाके में जल्द करीब 20 करोड़ की लागत से नई आईटीआई बनाई जाएगी। इसमें रोजगारपरक कोर्स शुरू किए जाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष वीरवार को अभिनंदन और जनसुनवाई कार्यक्रमों के तहत घरौंडा हलके के अमृतपुर कलां, अमृतपुर खुर्द, मंगलौरा, दिलावरा, ढाकवाला रोडान, ढाकवाला गुजरान, मुस्तफाबाद, जम्मूखाला, चुंडीपुर और मोहिदीनपुर गांव आदि 10 गांवों में पहुंचे।
उन्होंने जम्मूखाला में लोगों से कहा कि गांव में स्कूल कमरे और श्मशान घाट का रास्ता मंजूर हो चुका है।
उन्होंने जम्मूखाला गांव में 10वीं में स्कूल में अव्वल रही छात्रा नेहा और नीतू को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 10 सालों में हलके में स्कूल अपग्रेड, सड़कों, पुलों, आईटीआई, चीनी मिल की स्थापना, मेरठ रोड को चौड़ा करने, लड़कियों का काॅलेज, बस अड्डा जैसे अनेक विकास कार्य हुए हैं। मेडिकल यूनिवर्सिटी इस साल शुरू हो जाएगी।