माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/मधुबन। दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर मधुबन थाना क्षेत्र में बुधवार रात को करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से नेपाल निवासी व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय विनोद कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, विनोद कुमार हाईवे को पैदल पार कर रहे थे तभी तेज गति से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक विनोद को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी राममेहर ने बताया कि विनोद कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर उसकी पत्नी करनाल पहुंच गई है।