करनाल स्मार्ट सड़क पर सैर और साईलिंग करते शहरवासी।
- फोटो : Karnal
शहर में मार्निंग वॉक करने वालों के लिए खुशखबरी है। जिला प्रशासन की ओर से एनडीआरआई चौक से बलड़ी चौक तक वॉकिंग जोन घोषित किया गया है। इसके लिए क्षेत्र में सुबह 5 बजे से 7:30 बजे तक और शाम को 6 बजे से 8 बजे तक ट्रैफिक पर पाबंदी रहेगी। निर्धारित समय में वन साइड एरिया के ट्रैफिक को बंद करने का निर्णय लिया है। साथ ही उपायुक्त ने कोरोना को देखते हुए लोगों से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की अपील की है।
सुबह की सैर को स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माना गया है, लेकिन कोरोना काल में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। पार्कों में खतरा भी बढ़ गया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने शहर के लिए वाकिंग जोन निर्धारित किया है, जहां सुबह और शाम के समय विशेष व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान जहां यातायात कम होगा, वहीं निगम की ओर से सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही पुलिस की भी तैनाती की जाएगी। इस क्षेत्र में कोई भी नागरिक मॉर्निंग वॉक कर सकता है, लेकिन उसके लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना होगा।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि संज्ञान में आया है कि सुबह शाम पार्कों में घूमने के लिए जो व्यक्ति जाते हैं वह न तो मास्क लगाते हैं और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हैं। यह सभी के लिए खतरनाक है। कोरोना महामारी का प्रकोप अभी समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि यह तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में अधिक सावधानी की आवश्यकता है। उन्होंने जिलावासियों से अनुरोध किया वे बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखें।
मार्निंग वॉक के हैं कई फायदे
सुबह का मौसम सुहावना और प्रदूषण रहित होने के कारण टहलना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माना गया है। चिकित्सकों के अनुसार सुबह आधे घंटे मार्निंग वाक से आप जहां दिनभर तरोताजा महसूस करेंगे, वहीं मधुमेह और ह्दय रोग जैसी गंभीर बीमारियोें से बच सकेंगे। यही नहीं सुबह नियमित टहलने से आप जोड़ों में दर्द और डिप्रेशन से भी बच सकेंगे। सुबह टहलने से इम्यून सिस्टम भी मजबूत होता है, जो किसी भी बीमारी से लड़ने में सहायक है।