करनाल-ढांड मेन रोड पर खड़े ओवरलोड ट्रकों के कारण फोरलेन मार्ग सिकुड़ कर सिंगल लेन रह गया है। इससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बेतरतीब ढंग से खड़े इन ट्रकों पर विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती। इसका खामियाजा आम लोगों को चोटिल होकर भुगतना पड़ता है। ढांड रोड पर एचपी पेट्रोल पंप के पास स्थित राइस मिलों में यह धान से भरे ट्रक आते हैं, लेकिन मिल संचालक गाड़ियों को मिल में खड़ा करवाने की बजाय सड़क पर खड़ा करवा देते हैं, जिससे सड़क पर अन्य चार पहिया वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है। रोड के दोनों ओर ट्रकों की लाइन लगी रहती है। राइस मिलरों ने सड़क को निजी पार्किंग बना लिया है और गाड़ियों को अवैध रूप से रोड पर खड़ा करवाया जा रहा है। राहगीरों ने प्रशासन से अवैध रूप से रोड पर खड़ी गाड़ियों पर कार्रवाई की मांग की।
रात को दिखाई नहीं देते ट्रक
राममेहर, नरेश, शमशेर, राकेश और अजय का कहना है कि रात के समय यह गाड़ियां दिखाई नहीं देतीं, जिससे हादसा होने की आशंका रहती है। वहीं, अब धुंध के मौसम में अधिक परेशानी होगी।
विज्ञापन
वर्जन
समस्या अभी संज्ञान में आई है। रोड पर अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उर्मिला श्योकंद, डीटीओ