कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि गोहाना में 10 नवंबर को
होने वाली शक्ति रैली खास साबित होगी। इस रैली से पूरे देश में इस बात का
संदेश जाएगा कि देश में कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ खड़ी है।
सांसद
दीपेंद्र सोमवार को पिहोवा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मलेन को संबोधित
करने पहुंचे। उन्होंने कहा पिछले आठ वर्षों में कांग्रेस की सरकार बनने के
बाद हरियाणा ने विकास के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए माहौल बदलने का कार्य
किया है। आज देश भर में जब भी विकास की बात होती है तो हरियाणा का जिक्र
जरूर होता है।
इस मौके पर कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल, प्रदेश के
वित्तमंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा, सीपीएस सुलतान सिंह, पीसीसी सदस्य
मनदीप चट्ठा भी मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में विकास को
लेकर बड़ा बदलाव आया है। एक समय 2005 से पहले का था जब प्रदेश विकास के
मामले में निरंतर पीछे जा रहा था।
कंडेला में आज भी दीवार पर कायम गोलियों
के निशान इस बात की गवाही देते हैं कि अपने हक हकूक की लड़ाई करने वाले
किसानों के साथ क्या हश्र हुआ था। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के
नेतृत्व 36 बिरादरी को साथ लेकर प्रदेश ने प्रगति की नई मिसाल कायम की है।
इनेलो-भाजपा सरकार के कार्यकाल में गन्ने के दाम में केवल सात रुपये की
बढ़ोतरी हुई थी और हरियाणा गन्ने के सबसे कम दाम देने वाले राज्यों में
शामिल था। आज हरियाणा प्रदेश देश में किसानों को सबसे अधिक गन्ने का भाव
दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार से पहले किसानों से फसलीय
ऋण के लिए भी 12 फीसदी तक ब्याज वसूला जाता था आज हरियाणा में फसलीय ऋण 4
प्रतिशत की दर पर दिया जाता है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की इस
पहल और दूरदर्शी सोच को आज पूरे देश के किसानों को फायदा हुआ है और
राष्ट्रीयकृत बैंकों में भी फसलीय ब्याज की दर 4 प्रतिशत कर दी गई है। आज
हरियाणा प्रदेश में आर्थिक अभाव में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं
रहता। प्रदेश में गरीबों को 100-100 गज के प्लॉट आवंटित करने की सोच
कांग्रेस की रही।
प्रदेश के 3.84 लाख पात्रों को प्लाट आवंटित किए जा चुके
हैं और आखिरी पात्र व्यक्ति को प्लॉट आवंटित किया जाएगा। जनकल्याण की बात
हो या प्रदेश की खेल नीति आज हरियाणा हर क्षेत्र में अव्वल है। सभागार में
सांसद दीपेंद्र ने दो दिन पहले कुरुक्षेत्र में हुई इनेलो की रैली के
संदर्भ में कहा कि यहां पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल सहित तमाम
नेताओं ने कहा कि सभी कांग्रेस और मुख्यमंत्री के खिलाफ एक हो जाओ, लेकिन
प्रजातंत्र में पार्टियों के एक होने के कोई मायने नहीं है। असली समर्थन
लोगों से होता है और प्रदेश के लोगों का विश्वास पूरी तरह से कांग्रेस और
कांग्रेस नेतृत्व में है। दीपेंद्र ने कहा कि यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी,
प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह, राहुल गांधी तथा मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह
हुड्डा के नेतृत्व और नीतियों में हरियाणा की जनता के विश्वास की बात
गोहाना में दस नवंबर को होने वाली शक्ति रैली से एक बार फिर साबित होगी।
उन्होंने हैरानी जताई कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और अपराध को बढ़ावा देने
वाले लोग ही चुनाव आते ही इन्हें मिटाने की बात करते हैं।
कार्यकर्ता
सम्मेलन में वित्तमंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा ने कहा कि आज मुख्यमंत्री
भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में विकास का पहिया तेजी
से घूमा है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पिहोवा में जितने विकास कार्य
हुए हैं, उतने पहले कभी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि पिहोवा से हजारों की
संख्या में लोग गोहाना रैली में शिरकत करने पहुंचेंगे। कुरुक्षेत्र से
सांसद नवीन जिंदल ने इस मौके पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा का स्वागत करते हुए
कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं।
उन्होंने
गोहाना की ऐतिहासिक रैली में कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से एक लाख से अधिक
लोग शिरकत करेंगे उन्होंने कहा इस रैली के लिए प्रदेश के हर वर्ग के लिए
मुख्यमंत्री घोषणाएं करेंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री के
राजनीतिक सलाहकार प्रो. वीरेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री गोहाना में होने
वाली शक्ति रैली पांच सौ एकड़ में होगी।
उन्होंने कहा कि यह रैली सरकार के
तीसरी बार बनने का शिलान्यास साबित होगी। कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद सांसद
दीपेंद्र हुड्डा, सांसद नवीन जिंदल, पीसीसी सदस्य मनदीप चट्ठा, पार्षद
नरेंद्र पुरी के निवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को रैली का न्योता दिया। इस
मौके पर मुख्य संसदीय सचिव सुल्तान सिंह जड़ौला व पीसीसी सदस्य मंदीप
चट्ठा ने कहा कि गोहाना रैली वर्तमान सरकार की विकास नीतियों पर मोहर
लगाएगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष जयभगवान शर्मा डीडी, राज्य
वित्त आयोग के सदस्य सुभाष सुधा, कांग्रेस शहरी ब्लॉक अध्यक्ष राकेश बधवार,
ग्रामीण ब्लाक अध्यक्ष कर्णजीत सिंह चट्ठा, सुभाष रामगढ़ रोड, जितेंद्र
सिंह, गौरव शर्मा गौरी, गुरुप्रीत कंबोज, मनोहर लाल, सुखबीर ग्रेवाल,
नरेंद्र पुरी, अवतार वालिया, गोपाल कौशिक, मोहन लाल भांवरा, मुख्यतयार मल,
रामफल ककराली, सुरेंद्र पप्पू, हरजीत सिंह, अशोक पुनियानी, अशोक सिंगला,
महंत चरणदास, एसजी मुरार, डीपी दस्तूर, ईशम सिंह अरनेचा, अशोक ठकराल,
प्रियंका कश्यप, सुरेंद्र कौर, दर्शना, सुनीता नेहरा, श्यामलाल बागड़ी,
जसवंत सिंह, कुलदीप कौर, लाल चंद मांगला, पवन जगत, संजू जखवाला, उदय सिंह,
सुभाष चौधरी, ओमप्रकाश किरमच मौजूद रहे।