गांव अंटेहड़ी के पास जाट धर्मशाला के पूर्व प्रधान की अपोलो वुड प्राइवेट
लिमिटेड प्लाईवुड की फैक्टरी में रविवार रात आग लग गई। इस आगजनी में दो
करोड़ से भी अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई।
रात करीब सवा 11 बजे लगी आग
को काबू पाने के लिए थानेसर की तीन और लाडवा की एक गाड़ी सुबह तक आग पर
काबू पाने की कोशिश करती रही। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग पर सुबह 8
बजे काबू पाया। इस दौरान चारों गाड़ियां करीब बीस बार पानी भरकर फैक्टरी
पहुंची।
फैक्टरी के मालिक जाट धर्मशाला के पूर्व प्रधान चौधरी रणजीत
सिंह ने बताया कि फैक्टरी में विदेशी लकड़ी प्लाई के लिए आई हुई थी।
फैक्टरी में पाइन, पॉपुलर की कीमती लकड़ी जलकर राख हो गई है। इतना ही नहीं
फैक्टरी में लाखों रुपये की मशीनें लगी थी वह भी इस आगजनी में खराब हो गई
हैं।
रणजीत सिंह के अनुसार एक करोड़ से भी अधिक की लकड़ी इस आगजनी में जली
है, वहीं सवा करोड़ के करीब फैक्टरी में लगी मशीनें और बिल्डिंग भी आग की
भेंट चढ़ गई। आगजनी के कारणों का अब तक नहीं पता लगा, लेकिन संभावना जताई
जा रही है कि पटाखे तथा शॉर्ट सर्किट भी आगजनी का कारण हो सकता है। रणजीत
सिंह के अनुसार वह दिवाली के दिन सायं चार बजे तक फैक्टरी में ही थे और
सायं को घर की ओर निकले थे। इसी बीच रात साढ़े 10 बजे के करीब उनके पास
आगजनी की सूचना आई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी फैक्टरी में
पहुंच गई, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसी बीच थानेसर दमकल विभाग
से तीन गाड़ियों को और बुलाया गया।
दमकल विभाग ने बचाया माल
फैक्टरी
के मालिक रणजीत सिंह ने बताया कि यदि दमकल विभाग के कर्मचारी जल्द मौके पर
नहीं पहुंचते तो फैक्टरी में रखा एक करोड़ से अधिक की बनी प्लाई भी जल
जाती, जिसकी भरपाई उनके लिए और मुश्किल हो जाती। थानेसर दमकल विभाग के
अधिकारी कृष्ण चंद ने बताया कि जिस समय लाडवा और थानेसर दमकल विभाग के
कर्मचारी आग पर काबू पा रहे थे उस दौरान किसी ने बिजली चला दी थी, जिससे
कर्मचारी करेंट लगने से बाल-बाल बचे यदि समय पर बिजली नहीं काटी जाती तो
कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
पटाखा बाजार में बड़ा हादसा बचा
लाडवा
के खेल स्टेडियम में लगे पटाखा बाजार के निकट उगी झाड़ियों में अचानक आग
लग जाने से पटाखा बाजार के दुकानदारों व ग्राहकों में हड़कंप मच गया। परंतु
मौके पर खड़े फायर अधिकारी रामकुमार की सूझबूझ से एक बहुत बड़ा हादसा होने
से टल गया। फायर अधिकारी रामकुमार ने बताया कि खेल स्टेडियम में लगे
पटाखा बाजार के निकट झाड़ियां उगी हैं। इसमें रविवार को दोपहर के समय अचानक
आग लग गई और वह धीरे-धीरे पटाखा बाजार के निकट बढ़ने लगी। सौभाग्य से उस
समय दमकल विभाग के कर्मचारियों के साथ बाजार में मौजूद थे, उन्हाेंने
तुरंत वहां खड़ी अग्निशमन की गाड़ी बुला ली और बड़ी मशक्कत के बाद दमकल
विभाग के लगभग 10 कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया।
यहां-यहां लगी आग
गांव
प्रलादपुर में सरस्वती पेपर मील के समीप कटारिया बस्ती में पड़ी पराली,
बल्लभ ग्राम उद्योग मंडल लाडवा-पिपली मार्ग स्थित कागज की फैक्टरी में भी
आग लग गई थी। इसके बाद दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया।