करनाल। करीब तीन माह बाद मानसून आने वाला है। ऐसे में शहर के सभी नालों और सीवरेज लाइन की सफाई समय से हो, ताकि बाद में शहर में जलभराव की स्थिति न बने। इसे लेकर मेयर रेणू बाला गुप्ता ने निर्देश जारी किए हैं। वे बुधवार को नगर निगम के इंजीनियर विंग के अधिकारियों की बैठक ले रही थीं।
इसके साथ ही उन्होंने शहर के सभी पार्कों के बाहर ठेकेदारों के नाम और मोबाइल नंबर लिखवाने के निर्देश दिए। ताकि लोग झूला या जिम उपकरण टूटने पर शिकायत कर सकें। बैठक में उन्होंने शहर के सभी 20 वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और जल्द मुकम्मल करने के निर्देश दिए। करीब तीन घंटे चली बैठक में उन्होंने वार्ड अनुसार एक-एक कार्य की संबंधित कार्यकारी अभियंता से जानकारी ली। उन्होंने शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने पर जोर दिया और कहा कि सीवरेज ओवरफ्लो, स्ट्रीट लाइट तथा पार्कों से संबंधित कोई भी शिकायत आने पर तुरंत प्रभाव से उस पर एक्शन लेते हुए निवारण किया जाए। मूलभूत सुविधाओं में लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
फील्ड में होगी निगरानी, ठेकेदार करेंगे ब्लैक लिस्ट
विकास कार्यों की स्थिति जान मेयर ने अभियंताओं को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को गतिमान बनाएं, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। कार्यों में प्रयुक्त सामग्री के सैंपलों की जांच भी अवश्य करवाएं। जो निर्माण एजेंसी गुणवत्ता पर ध्यान नहीं देगी, उसे ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। इंजीनियर केवल कार्यालयों तक ही सीमित न रहें, फील्ड पर जाकर निगरानी करें। मुख्यमंत्री घोषणा के कार्य तेजी से पूरे करवाए जाएं। गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए शहरवासियों को पेयजल की उचित सप्लाई दी जाए।
इन विकास कार्यों की हुई समीक्षा-
मेयर ने जिन विकास कार्यों की समीक्षा की। इनमें वाटर सप्लाई, सीवर व बरसाती पानी की लाइनों के कार्य, नलकूप लगाना, सड़कों व गलियों का निर्माण, श्मशान घाटों की मरम्मत, बरसाती पानी की लाइनों की सफाई, सीसी रोड, नालों का निर्माण, गलियों के चैंबर, शौचालयों का निर्माण, सामुदायिक केंद्र, हाई मास्ट लाइट, नवीनीकरण कार्य, पार्कों में झूले, गैजिबो, पौधरोपण व ओपन एयर जिम, सीवरेज मेनहोल के ढक्कन लगाना, स्लिप-वे, सौंदर्यीकरण कार्य शामिल हैं।
-