- 10 साल पहले बनी गली का निर्माण दिखाकर निकाली पंचायती कोष से धनराशि
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंजपुरा (करनाल)। सरपंच की ओर से विकास कार्य करवाए बगैर पंचायती कोष से धन निकालने का मामला सामने आया है। जिस पर उपायुक्त ने कार्रवाई करते हुए सरपंच सुमन को निलंबित कर दिया है। इस मामले की जांच करनाल एसडीएम अनुभव मेहता की ओर से की गई थी। प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर उपायुक्त उत्तम सिंह ने यह कार्रवाई की है। साथ ही संबंधित ग्राम सचिव जितेंद्र सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
गांव के वार्ड-11 निवासी ग्राम पंचायत पंच प्रवीन कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया कि गांव में पंचायती कोष में गड़बड़ी करके धनराशि निकाली गई है। उपायुक्त ने इसकी जांच करनाल एसडीएम अनुभव मेहता को सौंपी। एसडीएम ने जांच के दौरान पंचायती राज एसडीओ व खंड विकास पंचायत अधिकारी से भी इस मामले में टिप्पणी मांगी थी। पंचायत सचिव व सरपंच से भी जवाब मांगा था। यह दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसी दौरान जांच में सामने आया कि गलियों का निर्माण दिखाकर पंचायती कोष से धन की गलत अदायगी की गई। जबकि संबंधित गलियों का निर्माण 10 साल पूर्व करवाया गया था। जरूरी एवं तकनीकी तौर पर गतिविधि भी सही नहीं लिखी गई।
एसडीएम की ओर से जांच करने के उपरांत रिपोर्ट जिला उपायुक्त कार्यालय को प्रस्तुत की गई। जिस पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने तुरंत प्रभाव से सरपंच सुमन को निलंबित कर दिया। उपायुक्त ने यह भी आदेश दिया कि तुरंत प्रभाव से ग्राम पंचायत की चल अचल संपत्ति का चार्ज किसी बहुमत रखने वाले पंच को सौंप दें। इसके अलावा अतिरिक्त उपायुक्त को इस मामले की नियमित जांच करने की जिम्मेदारी सौंप दी।