पारा 40 डिग्री के पार, झुलसाने लगी गर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। तापमान निरंतर बढ़ता जा रहा है। वीरवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सात अप्रैल को तापमान पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। आगामी दिनों में गर्मी और झुलसाएगी। जबकि अभी से दोपहर में सड़कों पर दोपहिया वाहन चालक और लोगों की आवाजाही कम होने लगी है। शाम पांच बजे तक भी कड़ी धूप रही।
केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा। नमी सुबह 60 व दोपहर को 11 प्रतिशत रही। वाष्प दाब 6.0 एमएम रहा। हवा की औसत गति 4.8 किलोमीटर प्रति घंटा रही। एक दिन पूर्व बुधवार को अधिकतम तापमान 38.5 व न्यूनतम 15.9 डिग्री सेल्सियस था। पिछले वर्ष सात अप्रैल को अधिकतम तापमान 35.4 व न्यूनतम 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान के कृषि विज्ञान केंद्र स्थित मौसम सेवा इकाई के विशेषज्ञ डॉ. योगेश कुमार ने पछेती गेहूं की फसल में बढ़ते तापमान के प्रभाव को नियंत्रित करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि खेत में पोटेशियम क्लोराइड का छिड़काव कर सकते हैं। यह छिड़काव वहां करें जहां फसल जल्द परिपक्व होने वाली हो। यह स्प्रे उसके वातावरण को अनुकूल बनाने में मदद करेगा। खेत में हल्की सिंचाई करें। संभव हो तो फव्वारा सिंचाई का प्रबंध करें।